भारत और Singapore मध्यस्थता को दें बढ़ावा, CJI सूर्यकांत ने साझा अनुभवों पर दिया जोर

प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने शुक्रवार को नयी दिल्ली में कहा कि भारत और सिंगापुर को संस्थागत ढांचे, तकनीक और पेशेवर मानकों में अनुभव साझा करते हुए मध्यस्थता को शुरुआती चरण में अपनाने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विवादों का समय पर और निश्चित समाधान दोनों देशों के आपसी व्यापार और निवेश के भरोसे को मजबूत करता है।
प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने शुक्रवार को कहा कि भारत और सिंगापुर संस्थागत ढांचे, पेशेवर मानकों, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा कर सकते हैं तथा मध्यस्थता को शुरुआती चरण में अपनाने को प्रोत्साहित कर सकते हैं। भारतीय मध्यस्थता परिषद (आईसीए) के ‘‘भारत-सिंगापुर : साझा कानूनी आधार से भविष्य की ओर’’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि विवादों का एक निश्चित तरीके से समाधान होना उस भरोसे के लिए बहुत अहम है, जो दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि भारत में मध्यस्थता को बढ़ावा देने के प्रयासों और भारतीय मध्यस्थता परिषद की स्थापना से सहयोग के नए अवसर पैदा हुए हैं।
इनमें विवादों के समाधान के लिए बहुस्तरीय प्रावधानों के माध्यम से सहयोग भी शामिल है। उन्होंने कहा, ‘‘कभी-कभी सबसे अच्छा नतीजा यह नहीं होता कि एक पक्ष की जीत हो, बल्कि यह होता है कि ऐसा समझौता हो जिससे दोनों पक्ष आगे बढ़ सकें।’’ न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने दोनों देशों के बीच कानून और विवाद समाधान के क्षेत्र में सहयोग को लेकर 2024 में हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू), 2025 में भारत-सिंगापुर संयुक्त परामर्श समिति की पहली बैठक एवं 10 सितंबर को नयी दिल्ली में आईसीए द्वारा आयोजित भारत-सिंगापुर वैकल्पिक विवाद समाधान (एडीआर) सम्मेलन का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध पारस्परिकता पर आधारित होने चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देशों में से किसी को भी दूसरे देश के संस्थागत मॉडल की नकल करने की जरूरत नहीं है। दोनों के पास एक-दूसरे से सीखने का अवसर है।’’ सिंगापुर के कानून मंत्री एडविन टोंग ने कहा कि भारत और सिंगापुर को अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता में केवल सफल होने का ही नहीं, बल्कि उसे और बेहतर बनाने का भी लक्ष्य रखना चाहिए।
अन्य न्यूज़













