Gorakhpur में बनेगा राज्य का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी University, CM Yogi रखेंगे नींव

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

कैंपियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में लगभग 50 हेक्टेयर भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से इस संस्थान को तैयार किया जाएगा। यह देश का दूसरा और उत्तर प्रदेश का पहला वानिकी विश्वविद्यालय होगा, जहां पर्यावरण, वानिकी और बागवानी से जुड़े उच्च स्तरीय पाठ्यक्रम चलेंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री 792 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात भी देंगे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज क्षेत्र के भारीवैसी में राज्य के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। करीब 50 हेक्टेयर भूमि पर 491 करोड़ रुपये की लागत से इस विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। जिला प्रशासन के मुताबिक इस विश्वविद्यालय की स्थापना का उद्देश्य वानिकी, कृषि वानिकी, औद्यानिकी और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उच्च शिक्षा, अनुसंधान तथा नवाचार को बढ़ावा देना है।

यह उत्तर प्रदेश का पहला और देश का दूसरा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय होगा। जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक खंड, केंद्रीय पुस्तकालय, बहुउद्देशीय सभागार और 895 विद्यार्थियों की क्षमता वाले छात्रावास सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा 401 आवासीय इकाइयां, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह भी बनाए जाएंगे।

प्रभागीय वनाधिकारी शुभम सिंह ने बताया कि संस्थान में वानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, ‘एग्रोफॉरेस्ट्री’ और बागवानी जैसे विषयों में स्नातक, परास्नातक, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि स्नातकों को राज्य वन सेवा और क्षेत्रीय वन अधिकारी के पदों पर क्षैतिज आरक्षण देने का प्रस्ताव भी है। अधिकारियों के मुताबिक इस विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ गोरखपुर में विश्वविद्यालयों की संख्या पांच हो जाएगी, जिनमें महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय भी शामिल है जो प्रदेश का पहला आयुष विश्वविद्यालय है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री इस अवसर पर 792.18 करोड़ रुपये की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़