CM योगी और केंद्रीय मंत्री नकवी ने हुनर हाट का किया उद्घाटन, देश के कोने-कोने के हुनर उस्ताद दिखा रहे अपना हुनर

cm-yogi-and-union-minister-naqvi-inaugurated-the-hunar-haat-showing-their-skills-in-every-corner-of-the-country

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हुनर हाट के माध्यम से बड़ी संख्या में दस्तकार, शिल्पकार लाभान्वित हो रहे हैं। हुनर हाट, उनके स्वदेशी हस्तनिर्मित दुर्लभ उत्पादों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी मंच साबित हुआ है। हुनर के उस्तादों को सम्मान मिला है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज लखनऊ के अवध शिल्पग्राम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा 10 से 21 जनवरी 2020 तक आयोजित किये जा रहे "हुनर हाट" का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा देश भर में "हुनर हाट" का आयोजन किया जा रहा है जिससे लघु और मध्यम वर्ग के उद्योगों को नई ऊंचाई मिल रही है। देश के हुनर के उस्तादों की परम्परागत कला को जोरदार तरीके से पेश किया जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने देश की विलुप्त हो रही परंपरागत शिल्पकारी, दस्तकारी को मजबूत करने, उसका संरक्षण करने और उसे प्रोत्साहित करने का काम किया है। देश के परम्परागत हुनर को नया मंच प्रदान किया है।

इसे भी पढ़ें: परम्परागत कारीगरों ने बनाई दुनिया में भारत की पहचान: मुख्तार अब्बास नकवी

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "हुनर हाट" के माध्यम से बड़ी संख्या में दस्तकार, शिल्पकार लाभान्वित हो रहे हैं। "हुनर हाट", उनके स्वदेशी हस्तनिर्मित दुर्लभ उत्पादों को देश-दुनिया के सामने लाने का प्रभावी मंच साबित हुआ है। "हुनर के उस्तादों" को सम्मान मिला है। योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी को "हुनर हाट" कार्यक्रम के लिए बधाई दी और कहा कि केंद्र एवं यूपी सरकार द्वारा हुनर के उस्तादों को मदद दी जा रही है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश के मंत्री सुरेश खन्ना,  आशुतोष टंडन, नन्द गोपाल गुप्ता "नंदी", बलदेव सिंह ओळख, मोहसिन रजा, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष गयोरुल हसन रिजवी, केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्रालय एवं उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य भी उपस्थित रहे।"हुनर हाट" का आयोजन अवध शिल्पग्राम, अवध विहार योजना, अमर शहीद पथ, लखनऊ में किया जा रहा है जहाँ 250 से ज्यादा देश के कोने-कोने के "हुनर के उस्ताद" दस्तकार, शिल्पकार भाग रहे हैं जिनमे बड़ी संख्या में महिला दस्तकार भी शामिल हैं। इस अवसर पर नकवी ने कहा कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा देश भर में आयोजित किये जा रहे "हुनर हाट" भारत की स्वदेशी दस्तकारी-शिल्पकारी की लुप्त हो रही “शानदार विरासत को जानदार’ बनाने का सशक्त और सफल अभियान है। नकवी ने कहा कि जहाँ एक ओर "हुनर हाट" से "हुनर के उस्ताद" दस्तकारों, शिल्पकारों के "हुनर को हौसला" मिला है वहीँ दूसरी ओर बड़ी संख्या में महिलाओं सहित हजारों दस्तकारों, शिल्पकारों, खानसामों और उनसे जुड़े लोगों को रोजगार और रोजगार के अवसर उपलब्ध हुए हैं।

इसे भी पढ़ें: मुख्तार अब्बास नकवी देखेंगे फिल्म ''छपाक'', बोले- समय मिला तो जरूर जाऊंगा

नकवी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के प्रमुख स्थानों पर आयोजित होने के कारण "हुनर हाट" में दस्तकारों, शिल्पकारों के हस्तनिर्मित दुर्लभ स्वदेशी उत्पाद, अन्य कलाकृतियों की जबरदस्त बिक्री हो रही है और इन दस्तकारों, शिल्पकारों को देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी आर्डर मिल रहे हैं। "हुनर हाट", दस्तकारों/शिल्पकारों का “एम्पावरमेंट एक्सचेंज" साबित हुए हैं। नकवी ने कहा कि मोदी सरकार-2 में अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने देश के अलग-अलग हिस्सों में 100 "हुनर हब" स्वीकृत किये हैं। इन "हुनर हब" में दस्तकारों, शिल्पकारों, पारम्परिक खानसामों को वर्तमान जरूरतों के हिसाब से ट्रेनिंग दी जा रही है। उनके हुनर को और निखारा जा रहा है। नकवी ने कहा कि पिछले लगभग 2 वर्षों में देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित दो दर्जन से ज्यादा "हुनर हाट" के जरिये 2 लाख 80 हजार कारीगरों, शिल्पकारों, दस्तकारों, खानसामों और उनसे जुड़े हुए लोगों को रोजगार और रोजगार के मौके मुहैया कराये हैं जिनमे बड़ी संख्या में महिला दस्तकार भी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: CAA पर भय भ्रम का भूत बेनकाब हो चुका है: मुख्तार अब्बास नकवी

अगले 5 वर्षों में मोदी सरकार 100 से ज्यादा "हुनर हाट" के माध्यम से लाखों "हुनर के उस्ताद" कारीगरों, शिल्पकारों, दस्तकारों और पारंपरिक खानसामों को रोजगार और रोजगार के मौके मुहैया कराएगी। नकवी ने कहा कि लखनऊ में आयोजित किये जा रहे "हुनर हाट" में बड़ी संख्या में महिला दस्तकार सहित देश भर से 250 से ज्यादा दस्तकार, शिल्पकार अपने हस्तनिर्मित दुर्लभ स्वदेशी उत्पाद एवं कलाकृतियां ले कर आये हैं। नकवी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के पारंपरिक एवं लज़ीज़ व्यंजन का भी यहाँ आने वाले लोग लुत्फ़ ले रहे हैं। इसके अलावा देश के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा रोज प्रस्तुत किये जाने वाले पारम्परिक नृत्य, संगीत, लोकगीत, कव्वाली एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम लोगों के आकर्षण के मुख्य केंद्र हैं। लखनऊ में आयोजित "हुनर हाट" में विकास चंद्रा, तरन्नुम मल्लिक, राहुल जोशी, प्रियांशी सक्सेना, ख्याली राम, परमजीत सिंह नरूला, रेखा राज, प्रेम भाटिया जैसे प्रसिद्द कलाकार, हास्यकलाकर, गायक आदि अपने कार्यक्रम पेश करेंगे। अगले "हुनर हाट" का आयोजन 11 जनवरी से 19 जनवरी 2020 हैदराबाद, 20 जनवरी से 1 फरवरी, 2020 चंडीगढ़ में, 08 फरवरी से 16 फरवरी, 2020 तक इंदौर में होगा। अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा आने वाले दिनों में "हुनर हाट" का आयोजन नई दिल्ली, गुरुग्राम, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, देहरादून, पटना, भोपाल, नागपुर, रायपुर, पुडुचेर्री, अमृतसर, जम्मू, शिमला, गोवा, कोच्चि, गुवाहाटी, रांची, भुबनेश्वर, अजमेर आदि में किया जायेगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़