कांग्रेस और वाममोर्चा भ्रम पैदा करने में जुटेः एम.जे. अकबर

[email protected] । Apr 8 2016 12:35PM

भाजपा प्रवक्ता ने खुद पर ‘‘असहिष्णु होने तथा सांप्रदायिक आधार पर लोगों को विभाजित करने के’’ कांग्रेस और वाम के आरोपों को भ्रम पैदा करने वाले बताया है।

तिरूवनंतपुरम। भाजपा ने खुद पर ‘‘असहिष्णु होने तथा सांप्रदायिक आधार पर लोगों को विभाजित करने के’’ कांग्रेस और वाम के आरोपों को भ्रम पैदा करने वाले बताते हुए कहा कि लोग इस पर विश्वास नहीं करते तथा वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘‘विकास संदेश’’ के बारे में स्पष्ट हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता एमजे अकबर ने आज यहां बताया ‘‘जब विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ न हो तो भ्रम का माहौल बनाना ही एकमात्र विकल्प होता है। मैं तो इसे कुहासा कहूंगा।’’

राज्यसभा के सदस्य अकबर ने बताया कि देश के लोगों ने इस पर विश्वास नहीं किया और ‘‘मुझे लगता है कि बार बार इसे दोहराना पूरी तरह हास्यास्पद है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य की बात यह है कि कांग्रेस तुच्छ राजनीति की राह पर चल रही है। लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास संदेश के बारे में स्पष्ट हैं।’’ एक सम्मेलन के सिलसिले में यहां आए अकबर ने कहा कि प्रधानमंत्री पूरी तरह समर्पित एवं ईमानदार हैं। ‘‘वह विकास और प्रगति को लेकर 18 घंटे काम कर रहे हैं। आरोप लगाने वालों ने कभी नहीं सुना कि वह विकास पर क्या कहते हैं।’’ अकबर ने एक अंग्रेजी दैनिक में हाल ही में प्रकाशित एक सर्वे का हवाला देते हुए कहा कि इसमें कहा गया है कि 86 फीसदी लोग राजग सरकार के तहत हो रहे आर्थिक विकास से या तो संतुष्ट हैं या बहुत ज्यादा संतुष्ट हैं। कुल 62 फीसदी लोगों का कहना है कि और रोजगारों का सृजन किया गया है।

अकबर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पास विचारों और नीतियों का अभाव है और वह बंजर हो गई है इसलिए ‘‘नकली’’ मुद्दे गढ़ रही है। यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री का विकास एजेंडा राज्य विधानसभा चुनावों के नतीजों पर असर डालेगा, उन्होंने कहा कि चुनाव कई मुद्दों और दमदार स्थानीय आधारों पर लड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन इसमें कोई संदेह नहीं है कि लोगों की आकांक्षाओं को समझने वाले राष्ट्रीय नेता का प्रधानमंत्री का उत्साहजनक कद (चुनाव के नतीजों में) परिलक्षित होगा। अकबर ने कहा कि जेएनयू के कुछ छात्र नेताओं के खिलाफ राजद्रोह के मामलों को लेकर हाल ही में उठे विवाद का मतदाताओं पर कोई असर नहीं होगा। ‘‘वह (लोग) सच जानते हैं।’’

एक सवाल के जवाब में भाजपा नेता ने कहा कि वह किसी भी चीज के लिए मीडिया को जिम्मेदार नहीं ठहराते। ‘‘मीडिया तो केवल एक आइना है।’’ केरल में अगले माह होने जा रहे विधानसभा चुनावों के परिदृश्य के बारे में अकबर ने कहा कि राज्य में भाजपा के प्रदर्शन से लोग आश्चर्यचकित रह जाएंगे। अकबर ने कहा कि यह जोर पकड़ रहा है.. मेरा मतलब है कि धीरे धीरे लहर दिखने लगी है। उन्होंने कहा कि लोग कांग्रेस नीत यूडीएफ और माकपा नीत एलडीएफ दोनों से ही परेशान हो चुके हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़