Congress को मिले चंदे में 75 फीसदी गिरावट, 2025-26 में आए 130 करोड़ रुपये

निर्वाचन आयोग में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार कांग्रेस को वित्त वर्ष 2025-26 में 20,000 रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 130.69 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि पिछले वित्त वर्ष के 517.39 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 75 प्रतिशत कम है। पार्टी के चंदे में यह पिछले एक दशक की सबसे बड़ी सालाना गिरावट है।
नयी दिल्ली, आठ नवंबर कांग्रेस को 2025-26 में 20,000 रुपये से अधिक मिलने वाले चंदे के रूप में 130.69 करोड़ रुपये मिले, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले करीब 75 प्रतिशत कम हैं। पार्टी को मिलने वाले चंदे में एक दशक की सबसे बड़ी सालाना गिरावट दर्ज की गई है। निर्वाचन आयोग के पास दाखिल पार्टी के दस्तावेजों के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई है।
निर्वाचन आयोग को सौंपे गए 2024-25 के योगदान संबंधी पार्टी के दस्तावेज के अनुसार, कांग्रेस को उस वित्त वर्ष में इस तरह के चंदे के रूप में 517.39 करोड़ रुपये मिले थे। पिछले 12 वित्त वर्षों के आंकड़ों से तुलना करने पर पता चलता है कि इससे पहले चंदे में इससे बड़ी गिरावट 2015-16 में दर्ज की गई थी। उस समय कांग्रेस को मिलने वाला घोषित चंदा पिछले वित्त वर्ष के 141.46 करोड़ रुपये से करीब 86 प्रतिशत घट गया था।
ताजा गिरावट से पहले लगातार दो वर्षों तक पार्टी को मिलने वाले चंदे में बढ़ोतरी हुई थी। कांग्रेस को 2023-24 में घोषित चंदे के रूप में 281.48 करोड़ रुपये मिले थे, जो लोकसभा चुनाव वाले वर्ष 2024-25 में बढ़कर 517.39 करोड़ रुपये हो गए थे। भाजपा को 2024-25 में 20,000 रुपये से अधिक के चंदे के रूप में 6,074.02 करोड़ रुपये मिले थे, जो कांग्रेस को मिले चंदे से करीब 12 गुना अधिक है।
वर्ष 2025-26 के लिए भाजपा को मिले चंदे का संबंधित आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, क्योंकि निर्वाचन आयोग ने अभी तक पार्टी की योगदान संबंधी रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की है। जांच किए गए सभी 12 वित्त वर्षों में भाजपा को कांग्रेस से अधिक चंदा मिला। कांग्रेस को मिलने वाले चंदे में ताजा गिरावट की एक बड़ी वजह ‘प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट’ से प्राप्त राशि में कमी रही।
इस ट्रस्ट का योगदान 2024-25 के 216.34 करोड़ रुपये से करीब 88 प्रतिशत घटकर 2025-26 में 25 करोड़ रुपये रह गया। पार्टी की नवीनतम योगदान रिपोर्ट में प्रूडेंट एकमात्र इलेक्टोरल ट्रस्ट के रूप में सूचीबद्ध था। अन्य बड़े योगदानकर्ताओं में स्टार सीमेंट शामिल है, जिसने पांच करोड़ रुपये दिए।
सज्जन भजंका ने चार करोड़ रुपये और प्रेम कुमार भजंका ने दो करोड़ रुपये का योगदान दिया। हालांकि, कांग्रेस को 2025-26 में मिला चंदा पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम रहा, लेकिन जांच की गई अवधि में यह पार्टी का सबसे कम चंदा नहीं था। इससे पहले के कई वर्षों में भी पार्टी को घोषित चंदे के रूप में इससे कम राशि मिली थी।
इनमें 2020-21 में 74.52 करोड़ रुपये, 2021-22 में 95.46 करोड़ रुपये और 2022-23 में 79.92 करोड़ रुपये शामिल हैं। इन आंकड़ों में चुनावी बॉण्ड से प्राप्त राशि शामिल नहीं है। जब यह योजना लागू थी, तब चुनावी बॉण्ड से मिले चंदे की जानकारी अलग से दी जाती थी।
पिछले वर्षों में चुनावी बॉण्ड से प्राप्त राशि को शामिल करने पर 2025-26 में कांग्रेस को मिला कुल चंदा 2020-21 के बाद सबसे कम रहा। योगदान संबंधी रिपोर्ट में पार्टी की कुल आय का ब्योरा नहीं होता। पार्टी की कुल आय में छोटी रकम के चंदे, सदस्यता शुल्क, कूपन से प्राप्त राशि और ब्याज भी शामिल होते हैं।
कांग्रेस की 2025-26 की ऑडिट की गई लेखा रिपोर्ट अभी अपलोड नहीं हुई है। पार्टी की समग्र वित्तीय स्थिति का आकलन करने के लिए यह रिपोर्ट जरूरी है। वर्ष 2024-25 में केवल कूपन से पार्टी को 350.12 करोड़ रुपये मिले थे।
अन्य न्यूज़














