डॉक्टर से ₹10 लाख वसूली में गिरफ्तार Congress नेता Suhail Shahjahan पार्टी से निष्कासित

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

तिरुवनंतपुरम में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कांग्रेस नेता सुहैल शाहजहां को पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पुलिस ने आरोपी को पैसे लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। वामपंथी दलों ने इस मामले को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर कड़ा हमला बोला है।

केरलम में वसूली के मामले में एक दिन पहले गिरफ्तार किए गए कांग्रेस के एक पदाधिकारी को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया है। पार्टी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि तिरुवनंतपुरम जिला कांग्रेस समिति (डीसीसी) के सचिव सुहैल शाहजहां को गिरफ्तारी के बाद मंगलवार रात ही पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया था।

शाहजहां पर एक चिकित्सक से 10 लाख रुपये की वसूली करने का आरोप है। उसने चिकित्सक के अस्पताल के बारे में सोशल मीडिया पर मानहानिकारक वीडियो डालने की धमकी दी थी। इस मामले को लेकर वामपंथी दलों ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की है।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनरायी विजयन ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा कि यह इस सोच का स्पष्ट उदाहरण है कि सत्ता मिलने पर कुछ भी किया जा सकता है और सभी गलत कामों को राजनीतिक संरक्षण मिल जाएगा। विजयन ने कहा, कांग्रेस की पतनशील राजनीतिक संस्कृति का घिनौना चेहरा उजागर हो गया है। पुलिस ने बताया कि कांग्रेस नेता को 10 लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत जबरन वसूली और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। निजी अस्पताल के मालिक एवं चिकित्सक ने धमकियों के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद कांग्रेस नेता को पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़