Congress ने मणिपुर चुनाव के लिए बनाईं पांच समितियां, MP Bimol Akoijam को मिली बड़ी जिम्मेदारी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आगामी मणिपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के सिलसिले में पांच समितियों का गठन किया है। सांसद ए बिमल अकोइजम को प्रदेश चुनाव समिति, चुनाव प्रचार समिति और घोषणापत्र समिति सहित तीन महत्वपूर्ण पैनलों में शामिल किया गया है। इसके अलावा पार्टी ने मीडिया एवं प्रचार और चुनाव प्रबंधन समितियां भी तैयार की हैं।
कांग्रेस ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत बुधवार को पांच समितियों का गठन किया, जिनमें से तीन महत्वपूर्ण समितियों में सांसद एवं जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के पूर्व प्रोफेसर ए बिमल अकोइजम को शामिल किया गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से गठित 24 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की अध्यक्षता मणिपुर कांग्रेस प्रमुख इबोबी सिंह करेंगे। इसमें अकोइजम के अलावा सांसद अल्फ्रेड कन्नगम आर्थर और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं को जगह दी गई है।
पार्टी ने लोकेश्वर सिंह की अध्यक्षता में 26 सदस्यीय चुनाव प्रचार समिति भी गठित की है, जिसमें अकोइजम भी सदस्य होंगे। वहीं, 18 सदस्यीय घोषणापत्र समिति की जिम्मेदारी गैखंगम को सौंपी गई है। इस समिति में अकोइजम और आर्थर सह-अध्यक्ष बनाए गए हैं।
इसके अलावा कांग्रेस ने मीडिया एवं प्रचार समिति तथा चुनाव प्रबंधन समिति का भी गठन किया है। गौरतलब है कि यौन उत्पीड़न संबंधी आरोपों के बीच जेएनयू ने अकोइजम की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। हालांकि, दो नवंबर को दिल्ली उच्च न्यायालय ने उनकी बर्खास्तगी के आदेश पर रोक लगा दी।
वहीं, दिल्ली की एक अदालत ने गिरफ्तारी की स्थिति में पुलिस को उन्हें सात कार्यदिवस पहले नोटिस देने का निर्देश दिया है। मणिपुर में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने की संभावना है।
अन्य न्यूज़














