कांग्रेस ने अपने घोटालों से देश को बर्बाद किया: गडकरी

[email protected] । Feb 13 2017 10:41AM

भाजपा नेता नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को घोटालों से बर्बाद कर दिया।

उत्तरकाशी। भाजपा नेता नितिन गडकरी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में देश को घोटालों से बर्बाद कर दिया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस तब भी भ्रष्टाचार में लिप्त रही जब राज्य प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा था। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने वर्ष 2013 में केदारनाथ में आई भीषण बाढ़ का संदर्भ देते हुए कहा ‘‘यह अत्यंत दुखद है कि उत्तराखंड सरकार तब भी भ्रष्टाचार में डूबी रही जब भयावह प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद करने का समय था।’’

सोनिया गांधी पर कटाक्ष करते हुए एक रैली में गडकरी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को पहाड़ी इलाकों के युवाओं को रोजगार देने की चिंता नहीं है क्योंकि उनकी मुख्य चिंता तो अपने बेटे राहुल गांधी के रोजगार को लेकर है। जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी जैसे विभिन्न कांग्रेस नेताओं का नाम लेते हुए गडकरी ने कहा कि पार्टी ने हमेशा गरीबी उन्मूलन का मुद्दा उठाया लेकिन इसमें सफल नहीं हुए। उन्होंने कहा ‘‘वह (कांग्रेस नेता) नारे पर चुनाव जीतते रहे लेकिन दलितों, ग्रामीणों, किसानों, गरीबों और मजदूरों की हालत अब तक नहीं सुधरी। केवल चापलूसी करने वाले और कांग्रेस नेताओं के करीबी ही गरीबी से बाहर आते गए।’'

All the updates here:

अन्य न्यूज़