CEC Gyanesh Kumar के हटने तक जारी रहेगा Congress का आंदोलन: KC Venugopal

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और चुनाव प्रणाली को निष्पक्ष बनाने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी पंचायत स्तर पर वोट बचाओ देश बचाओ अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रत्येक मतदान केंद्र पर वोट रक्षक नियुक्त कर मतदाता सूची से कटे नाम दोबारा जुड़वाने में मदद की जाएगी।
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने रविवार को कहा कि कांग्रेस का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटा नहीं दिया जाता और देश की चुनाव प्रणाली को निष्पक्ष एवं पारदर्शी नहीं बनाया जाता। वेणुगोपाल ने यहां पत्रकारों से कहा कि विभिन्न राज्यों एवं जिलों में विरोध प्रदर्शन जारी हैं तथा दिवाली के दौरान इनमें कुछ समय के लिए विराम दिया जा सकता है।
उन्होंने एक नवंबर को नयी दिल्ली में कांग्रेस की ओर से आयोजित रैली को देश के सबसे बड़े विरोध प्रदर्शनों में से एक बताया और कहा कि पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘हम इस आंदोलन को तभी समाप्त करेंगे, जब ज्ञानेश कुमार को पद से हटा दिया जाएगा और भारत की चुनाव प्रणाली एवं प्रक्रियाओं को त्रुटिहीन, निष्पक्ष तथा न्यायसंगत बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
यह ऐसी लड़ाई नहीं है, जिसे हम बीच में छोड़ देंगे।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के कारण गरीब लोग मतदान के अधिकार के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित हो जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि सरकारी योजनाओं के लाभ को तेजी से मतदाता पहचान पत्र से जोड़ा जा रहा है। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अगले डेढ़ महीने के दौरान पंचायत स्तर पर देशव्यापी ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत पार्टी प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करेगी, जो मतदाता सूचियों की जांच करेगा, जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं उनकी पहचान करेगा और उनके घर जाकर मतदाता सूची में नाम दोबारा जुड़वाने में मदद करेगा। वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस की विभिन्न इकाइयां राज्यों एवं जिलों में कार्यक्रम आयोजित कर रही हैं तथा अन्य राजनीतिक दलों के साथ संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि संसद के आगामी सत्र में इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया जाएगा और विपक्ष हाल के विवादों तथा जनता से जुड़े मुद्दों को भी उठाएगा। वेणुगोपाल ने संसद के पिछले सत्र का जिक्र करते हुए दावा किया कि विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों के कारण अमित शाह करीब दो सप्ताह तक सदन में प्रवेश नहीं कर पाए थे। केरलम सरकार के कामकाज के बारे में पूछे जाने पर वेणुगोपाल ने कहा कि राज्य में सक्षम प्रशासन है और सरकार अपने खिलाफ उठाए गए मुद्दों का समाधान करेगी।
उन्होंने कहा कि छिटपुट घटनाएं और प्रशासनिक खामियां सामने आना स्वाभाविक है, लेकिन जहां भी आवश्यकता होगी, सरकार उचित कार्रवाई करेगी। वेणुगोपाल ने केरलम के आबकारी मंत्री एम. लिजू के शराब बार मालिकों से संबंध होने के आरोपों से निपटने के सरकार के तरीके का बचाव करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधि अपने निर्वाचन क्षेत्रों में कारोबारियों सहित विभिन्न लोगों को जानते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्व आबकारी आयुक्त एस. संबाशिव राव को विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप उस समय उठाने चाहिए थे, जब वह पद पर थे। हालांकि, वेणुगोपाल ने कहा कि सरकार शिकायत की जांच करने और आवश्यक कार्रवाई करने पर सहमत हो गई है।
अन्य न्यूज़














