कांग्रेस का वचन पत्र दिवालिया बैंक का पोस्ट डेटेड चैकः राजनाथ सिंह

congress-s-promissory-note-bankruptcy-bank-s-post-date-check-rajnath-singh
[email protected] । Nov 21 2018 3:59PM

यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह का माहौल है, उससे यह स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।

 भोपाल। कांग्रेस अपने घोषणा पत्र में जो भी वादे करती है, उन्हें निभाती नहीं है। पार्टी ने जब-जब भी कर्ज माफी की बात की है, उसे निभाया नहीं है। कांग्रेस का वचन पत्र एक दिवालिया बैंक के पोस्ट डेटेड चैक की तरह है, जिसका कोई मूल्य नहीं होता। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को मीडिया से चर्चा के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जिस तरह का माहौल है, उससे यह स्पष्ट है कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनेगी।

केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा के मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैंने मध्यप्रदेश में कई जगह दौरे किए हैं, सभाओं को संबोधित किया है। यहां जो माहौल दिखाई दे रहा है, उसके आधार पर कहा जा सकता है कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी चौथी बार पूर्ण बहुमत वाली सरकार बनाने जा रही है।


शिवराज सिंह ने बनाई जनता में साख

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने भारतीय राजनीति में विश्वास का संकट पैदा कर दिया है, जिसकी वजह उसकी कथनी और करनी में अंतर है। लेकिन विश्वास के इस संकट पर विजय हासिल करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने 13 वर्षों के कार्यकाल में जनता के बीच अपनी साख बनाई है। उन्होंने अपने वादे निभाए और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा की सरकार ने करिश्माई काम किया है। प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय जो कांग्रेस के समय में 15 हजार के करीब थी, वह अब 80 हजार के पास पहुंच रही है। इसी तरह प्रदेश में अर्थव्यवस्था के आकार में भी करीब 11 गुना बढ़ोतरी हुई है। सिंह ने कहा कि प्रदेशों में किए गए विकास और सुशासन की पिच पर मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भाजपा चौका मारने जा रही है।

कांग्रेस के 55 सालों पर भारी मोदी सरकार के 4.5 साल

राजनाथ सिंह ने कहा कि देश में आजादी के बाद के 55 सालों तक कांग्रेस की अखंड हुकूमत रही है। देश में मानव संसाधन, प्राकृतिक संसाधन और तकनीकी कौशल की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद कांग्रेस ने देश का विकास नहीं किया। राज्यों की स्थिति तो और भी बदतर रही। लेकिन मोदी सरकार के 4.5 सालों के कार्यकाल में देश का तेजी से विकास हुआ है। उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेज आर्थिक विकास दर वाले देशों में शामिल हो गया है। वहीं, अर्थव्यवस्था के मामले में देश पहले 9 वें स्थान पर था, अब छठे स्थान पर आ गया है। सिंह ने कहा कि जल्दी ही हम इस मामले में टॉप-5 में पहुंच जाएंगे। सिंह ने आशा जताई कि वर्ष 2030-35 तक हम इस सूची में टॉप पर होंगे।

यह भी पढ़ें: सुषमा स्वराज ने किया ऐलान, 2019 में नहीं लड़ेंगी लोकसभा चुनाव


कांग्रेस में हर नेता बनना चाहता है मुख्यमंत्री

सिंह ने कहा कि तुलनात्मक रूप से भारतीय जनता पार्टी अच्छी सरकार चलाने वाली पार्टी है। पार्टी का संगठन आदर्श है और यह विचाराधारा पर चलने वाला राजनीतिक दल है। इसलिए जब भी चुनाव होते हैं, तो पार्टी अपना नेता पहले घोषित कर देती है। लेकिन कांग्रेस यह साहस नहीं कर पा रही है। चुनाव के मैदान में पार्टी का सेनापति तय नहीं है। हर जिले का नेता मुख्यमंत्री बनना चाहता है।  सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ दोनों ही राज्यों में कांग्रेस कौन बनेगा मुख्यमंत्री खेल रही है।

यह भी पढ़ें: भाजपा की 2019 में सत्ता में वापसी की कोशिश नाकाम होगी: शरद यादव


किसानों के वारंट जारी, यह कैसी कर्ज माफी

राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कर्ज माफी को शामिल किया है। पार्टी पहले भी इस तरह के वादे करती रही है, लेकिन उन्हें निभाती नहीं है। विशेषकर कर्ज माफी का वादा कांग्रेस ने कभी पूरा नहीं किया। सिंह ने कहा कि पार्टी ने पंजाब में कर्ज माफी का वादा किया, पूरा नहीं किया। कर्नाटक में कर्ज माफी का वादा किया, लेकिन वहां कर्ज न चुकाने वाले किसानों के नाम गिरफ्तारी वारंट निकल रहे हैं और किसान भागते फिर रहे हैं। सिंह ने कहा कि कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देती रही है, लेकिन गरीब हटाने के लिए कुछ नहीं किया। स्व. इंदिरा गांधी ने भी 1969 में गरीबी हटाने का तर्क देकर बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया था, लेकिन इससे भी कुछ फर्क नहीं पड़ा।  

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़