निर्मला सीतारमण को मुंबई दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए

Congress

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय बजट 2021-22 और ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन करते हुए मुंबई के दौरे पर आयीं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को काले झंडे दिखाए।

मुंबई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय बजट 2021-22 और ईंधन की कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ रविवार को प्रदर्शन करते हुए मुंबई के दौरे पर आयीं केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को काले झंडे दिखाए। हालांकि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को उस स्थान के निकट जाने से रोक दिया जहां सीतारमण को जाना था। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जैसे ही केन्द्रीय मंत्री पिछले सप्ताह पेश केन्द्रीय बजट पर चर्चा के लिए दादर इलाके के योगी सभा गृह पहुंचीं तभी कांग्रेस के लगभग 400 से 500 कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ नारेबाजीशुरू कर दी।

इसे भी पढ़ें: भारत में कोरोना के 12,000 से अधिक नए मामले आए सामने, 78 और लोगों की मौत

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी के नेता राहुल गांधी की प्रशंसा में भी नारे लगाए। अधिकारी ने कहा कि प्रदर्शनकारी तड़के से ही दादर रेलवे स्टेशन के बाहर जमा होने शुरू हो गए थे। उन्होंने केन्द्रीय बजट और पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस सिलेंडरों जैसी आवश्यक वस्तुओं के साथ-साथ रेल किराए में वृद्धि के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस उपायुक्त (जोन-4) विजय पाटिल ने कहा, प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। किसी अप्रिय घटना की जानकारी नहीं मिली है। किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है और न ही कोई प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इसे भी पढ़ें: उत्तराखंड में हिमखंड टूटने से आया सैलाब, पुलिस ने लोगों से संयम बरतने की अपील की

मुंबई महिला कांग्रेस की महासचिव सना कुरेशी ने दावा किया कि कोविड-19 महामारी के चलते आम जनता और गरीब लोग अपना रोजगार खो रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘अब, आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतें आम आदमी की कमर तोड़ देंगी। बजट ने आम आदमी को कोई राहत नहीं दी है।’’ इसलिए, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी के एक अन्य पदाधिकारी ने कहा कि वे केंद्रीय बजट से खुश नहीं हैं, इसलिए उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री को काले झंडे दिखाए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़