संगीत सोम बोले- जहां-जहां मंदिर तोड़कर बनाई गईं मस्जिदें, वहां भाजपा फिर से बनाएगी मंदिर

Sangeet Som
अंकित सिंह । Sep 22 2021 5:18PM

सोम ने यह बात एक प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियों का बखान करते समय कही है। संगीत सोम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज भाजपा नेताओं में से एक हैं।

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने है। ऐसे में वहां सभी राजनीतिक दल अपना-अपना हर दांव-पेंच आजमाने की कोशिश में हैं। भाजपा भी दोबारा सत्ता में लौटने  का दावा कर रही है। तो वहीं विपक्ष भाजपा पर जबरदस्त तरीके से हमलावर है। इन सब के बीच अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले मेरठ के सरधना विधानसभा सीट से भाजपा विधायक संगीत सोम एक बार फिर से चर्चा में हैं। संगीत सोम ने साफ तौर पर कहा है कि जहां भी मंदिरों को तोड़कर मस्जिद बनाई गई हैं, भाजपा वहां फिर से मंदिर बनाएगी। इतना ही नहीं, संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्हें सीजनल हिंदू बताया। संगीत सोम ने कहा कि अपनी सरकार में संतों पर लाठीचार्ज करवाने वाले अब हरिद्वार जाकर उनसे माफी मांग रहे हैं और  भगवान विश्वकर्मा का मंदिर पर बनवाने का ऐलान कर रहे हैं। 

इसे भी पढ़ें: अमरोहा में योगी आदित्यनाथ ने कसा तंज, बोले- सपा को UP के विकास से नहीं बल्कि अपने विकास से होता था मतलब

सोम ने यह बात एक प्रेस वार्ता के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की साढ़े चार साल की उपलब्धियों का बखान करते समय कही है। संगीत सोम पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दिग्गज भाजपा नेताओं में से एक हैं। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन चरम पर है। माना जा रहा है कि किसान आंदोलन की वजह से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा को नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे में संगीत सोम का यह बयान ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा देने वाला लग रहा है जिससे भाजपा को फायदा हो सकता है। 

इसे भी पढ़ें: दुनिया जब वैश्विक महामारी से जूझ रही थी, उत्तर प्रदेश के एनसीआर में हुए बड़े निवेश : योगी आदित्यनाथ

सोम ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव आते ही बहुत से लोग सीजनल हिंदू बन गए हैं, जिन्होंने भक्तों पर गोली चलाई हो, वह अब मंदिर बनाने की बात करते हैं। जिन्होंने साधुओं पर लाठी चलवायी हो, वह लोग हाथ जोड़कर माफी मांग रहे हैं।  सोम ने कहा, जितनी जगह मंदिर तोड़कर मस्जिद बनाई गई है, वहां पर फिर से मंदिर बनाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि हिंदुस्तान हिंदुओं का है। यहां पर हर आदमी हिंदू है, मुसलमान भी हिंदू ही है। अपने विवादास्पद बयानों के लिये अक्सर चर्चा में रहने वाले सोम ने उत्तर प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि 350 सीटों के साथ 2022 में उनकी पार्टी फिर से सरकार बनाने जा रही है। गौरतलब है कि संगीत सोम 2013 में मुजफ्फरनगर में हुए दंगों के आरोपी हैं।

 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़