Telangana में देश का पहला PM MITRA Park शुरू, PM Modi ने 9400 करोड़ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया

Modi In Telangana
ANI

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तेलंगाना में 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, जिसमें मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी मौजूद रहे। इन प्रमुख परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन का बनाना और वारंगल में भारत के पहले पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का शुभारंभ शामिल है, जो राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूती देगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद के एचआईसीसी में डिजिटल माध्यम से तेलंगाना में लगभग 9,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उद्घाटन किया। इस अवसर पर तेलंगाना के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और कई अन्य नेता हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एचआईसीसी) में उपस्थित रहे। मोदी ने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखीं, जिसमें हैदराबाद-पणजी आर्थिक गलियारे पर गुडेबेल्लूर से महबूबनगर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-167 को चार लेन बनाना शामिल है।

उन्होंने रेलवे की काजीपेट-विजयवाड़ा मल्टी-ट्रैकिंग परियोजना के विभिन्न खंडों, हैदराबाद में ग्रीनफील्ड पीओएल (पेट्रोलियम, तेल, लुब्रिकेंट्स) टर्मिनल, काजीपेट रेल अंडर रेल बाईपास और वारंगल में पीएम मित्र पार्क (काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क) का उद्घाटन भी किया। लगभग 1,700 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से विकसित काकतीय मेगा टेक्सटाइल पार्क भारत का पहला पूरी तरह से कार्यशील पीएम मित्र पार्क है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़