Kozhencherry Bridge उद्घाटन से पहले Kerala में CPM और Congress नेताओं में छिड़ी जुबानी जंग

Kozhencherry Bridge उद्घाटन से पहले Kerala में CPM और Congress नेताओं में छिड़ी जुबानी जंग
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

पथनमथिट्टा में पंपा नदी पर बने कोझेनचेरी पुल के उद्घाटन की पूर्व संध्या पर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज और कांग्रेस विधायक अबिन वर्की आमने-सामने आ गए। माकपा नेता ने इस परियोजना को एलडीएफ सरकार की देन बताया, जबकि कांग्रेस विधायक ने शुरुआती बजट आवंटन का श्रेय यूडीएफ को दिया। इस पुल का औपचारिक उद्घाटन लोक निर्माण मंत्री पी. के. बशीर करेंगे।

केरलम के पथनमथिट्टा में कोझेनचेरी पुल के श्रेय को लेकर अरनमुला से पूर्व विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज और कांग्रेस के मौजूदा विधायक अबिन वर्की के बीच शनिवार को जुबानी जंग छिड़ गई। इस पुल का उद्घाटन रविवार को होना है। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की नेता जॉर्ज ने दावा किया कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की पिछली सरकार के दौरान उन्होंने इस परियोजना को मंजूरी दिलाने और पूरा कराने की पहल की थी।

वहीं, वर्की ने कहा कि पुल के लिए शुरुआती धनराशि 2011 से 2016 के बीच कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार के कार्यकाल में आवंटित की गई थी। विधानसभा में अरनमुला का प्रतिनिधित्व कर चुकी जॉर्ज ने इस साल विधानसभा चुनाव से पहले पुल तक जाने वाली संपर्क सड़क का उद्घाटन किया था। माकपा नेता जॉर्ज ने 2016 से 2026 तक अरनमुला विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में उन्हें वर्की के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जॉर्ज ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि नया पुल क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से मांग थी और इसके निर्माण में कानूनी विवाद, भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं, बाढ़ और कोविड-19 महामारी सहित कई चुनौतियां आईं। उन्होंने कहा कि उनकी बार-बार की गई मांगों के बाद 2016 में एलडीएफ सरकार के पहले बजट में इस परियोजना की घोषणा की गई थी और इसके लिए 31 अक्टूबर 2016 को 22.02 करोड़ रुपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी।

जॉर्ज ने कहा कि अगस्त 2017 में केरल अवसंरचना निवेश कोष बोर्ड (केआईआईएफबी) के माध्यम से 19.77 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई थी। उन्होंने बताया कि तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री जी. सुधाकरन ने 2018 में पुल के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया था। जॉर्ज ने वर्की पर परियोजना के बारे में भ्रामक जानकारी फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर उनमें थोड़ी भी अंतरात्मा और ईमानदारी है, तो उन्हें जनता से माफी मांगनी चाहिए।

वहीं, वर्की ने ‘फेसबुक’ पर एक पोस्ट में कहा कि पुल के लिए शुरुआती दो करोड़ रुपये का आवंटन 2012-13 के बजट में तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार के दौरान किया गया था। उन्होंने कहा कि यह आवंटन तत्कालीन अरनमुला विधायक और कांग्रेस नेता के. शिवदासन नायर के अनुरोध पर किया गया था। वर्की ने 13 मार्च 2013 के सरकारी आदेश का हवाला देते हुए कहा कि इसमें इस राशि के लिए प्रशासनिक मंजूरी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि इस धनराशि का इस्तेमाल शुरुआती कार्यों के लिए किया जाना था, जिनमें पुल के नक्शे तैयार करना, मिट्टी की जांच करना और संपर्क सड़क के लिए जमीन का सीमांकन करना शामिल था। वर्की ने कहा कि बाद में अतिरिक्त धनराशि आवंटित किए जाने से 2018 में पुल का निर्माण कार्य शुरू हो सका। मौजूदा विधायक ने कहा कि परियोजना में योगदान को स्वीकार करते हुए उन्होंने रविवार को होने वाले उद्घाटन समारोह में शिवदासन नायर और जॉर्ज, दोनों को आमंत्रित किया है।

वर्की ने यह भी कहा कि उन्होंने तथ्यों के विपरीत कोई बयान नहीं दिया और जॉर्ज से इस विवाद को खत्म करने का आग्रह किया। लोक निर्माण मंत्री पी. के. बशीर रविवार को पंपा नदी पर बने इस पुल का उद्घाटन करेंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़