IGI Airport पर 4.49 करोड़ रुपये का संदिग्ध गांजा पकड़ा, बैंकॉक से आए यात्री को Customs ने किया अरेस्ट

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क विभाग ने बैंकॉक से हनोई के रास्ते पहुंचे एक भारतीय यात्री से 12.285 किलोग्राम संदिग्ध गांजा बरामद किया है। ग्रीन चैनल से गुजरते समय प्रोफाइल विश्लेषण के आधार पर यात्री को टर्मिनल-3 पर एक्स-रे जांच के लिए रोका गया था। ट्रॉली बैग से 20 पॉलीथीन थैलियों में छिपा मादक पदार्थ मिलने के बाद आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने करीब 4.49 करोड़ रुपये मूल्य के 12.2 किलोग्राम संदिग्ध गांजे की तस्करी के आरोप में यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक भारतीय यात्री को गिरफ्तार किया है। बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई। दिल्ली सीमा शुल्क विभाग के बयान के अनुसार, तीन नवंबर को हनोई के रास्ते बैंकॉक से आए यात्री को उसकी ‘प्रोफाइल’ (पहचान एवं अन्य विवरणों के) विश्लेषण के आधार पर टर्मिनल-3 पर जांच के लिए रोका गया था।
बयान में कहा गया है कि ‘ग्रीन चैनल’ से गुजर रहे यात्री को एक्स-रे जांच के लिए रोका गया और इसके बाद उसकी एवं उसके सामान की तलाशी ली गई। इसमें कहा गया कि इस दौरान अधिकारियों को स्लेटी रंग के एक ट्रॉली बैग में छिपाकर रखी गईं पॉलीथीन की 20 थैली मिलीं, जिनमें हरे रंग का पदार्थ था। ऐसा संदेह है कि यह पदार्थ गांजा है।
बयान के अनुसार, बरामद पदार्थ का कुल वजन 12.285 किलोग्राम था और इसकी अनुमानित कीमत 4.49 करोड़ रुपये है। बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में पदार्थ के गांजा होने के संकेत मिले, जिसके बाद प्रतिबंधित पदार्थ को उसकी पैकिंग सामग्री सहित जब्त कर लिया गया और यात्री को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य न्यूज़














