Delhi में इस मौसम पहली बार AQI 403 पहुंचा, हवा 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज

राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 403 दर्ज किए जाने के साथ ही प्रदूषण का स्तर इस मौसम में पहली बार 'गंभीर' श्रेणी में आ गया। शहर के 58 में से 33 निगरानी केंद्रों में हालात गंभीर पाए गए, जिनमें आईआईटी दिल्ली 488 एक्यूआई के साथ सबसे अधिक प्रभावित रहा।
दिल्ली में शुक्रवार सुबह इस मौसम में पहली बार वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंच गई और राष्ट्रीय राजधानी का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 403 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार, सुबह छह बजकर पांच मिनट पर एक्यूआई 403 था और सुबह आठ तथा नौ बजे भी इसी स्तर पर बना रहा। ऐप पर वायु गुणवत्ता के प्रति घंटे के आंकड़े उपलब्ध कराए जाते हैं।
दिन का 24 घंटे का औसत एक्यूआई शाम चार बजे दर्ज किया जाएगा। सुबह आठ बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 58 निगरानी केंद्रों में से 33 में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’, 24 में ‘बेहद खराब’ और एक में ‘मध्यम’ श्रेणी में रही। आईआईटी दिल्ली में सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई, जहां एक्यूआई 488 रहा।
इसके बाद चांदनी चौक में 479 और दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस में 478 एक्यूआई दर्ज किया गया। बुराड़ी क्रॉसिंग में एक्यूआई 456 रहा, जबकि आईटीओ और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में यह 451 दर्ज किया गया। ‘गंभीर’ श्रेणी के एक्यूआई वाले अन्य इलाकों में जहांगीरपुरी (430), वजीरपुर (427), आनंद विहार (419), रोहिणी (413), आईजीआई हवाई अड्डा (टी-3) (403) और टिकरी कलां (402) शामिल रहे।
सुबह छह बजकर पांच मिनट पर आईआईटी दिल्ली में एक्यूआई 487, जबकि नॉर्थ कैंपस और चांदनी चौक में 476 दर्ज किया गया। पूसा में यह 468 और एनएसयूटी जाफरपुर में 461 रहा। शहर के कई हिस्सों में घनी धुंध छाए रहने से दृश्यता कम हो गई।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है। दिल्ली में इससे पहले इस साल 19 जनवरी को वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज की गई थी। उस दिन 24 घंटे का औसत एक्यूआई 410 रहा था।
वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने प्रदूषण का स्तर और बिगड़ने की आशंका को देखते हुए छह नवंबर को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में वायु गुणवत्ता की ‘गंभीर’ श्रेणी के तहत ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) का तीसरा चरण लागू कर दिया था। इस चरण के तहत एनसीआर में धूल पैदा करने वाली कई निर्माण और तोड़फोड़ गतिविधियों पर रोक, पत्थर तोड़ने वाली इकाइयों और खनन गतिविधियों को बंद करने तथा कुछ श्रेणियों के वाहनों की आवाजाही पर पाबंदियां शामिल हैं। इनमें दिल्ली और गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, गाजियाबाद तथा गौतम बुद्ध नगर जैसे अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में बीएस-तीन पेट्रोल और बीएस-चार डीजल या इससे पुराने हल्के मोटर वाहनों के चलने पर रोक शामिल है।
इसके अलावा, बीएस-चार और इससे पुराने कुछ श्रेणियों के डीजल मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर भी पाबंदी लगाई गई है। यदि शहर का 24 घंटे का औसत एक्यूआई 450 से अधिक होकर ‘गंभीर प्लस’ श्रेणी में पहुंच जाता है, तो प्रदूषण रोधी पाबंदियों का उच्चतम स्तर यानी ग्रैप का चौथा चरण लागू किया जाता है। सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक है।
अन्य न्यूज़













