Imphal West में जबरन वसूली के आरोप में UNLF-P सदस्य गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने अवैध हथियार रखने और रंगदारी मांगने के आरोप में 58 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ा है। राज्य पुलिस और असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने तलाशी के दौरान उसके पास से कारतूस भरी पिस्तौल जब्त की। आरोपी उस संगठन से जुड़ा था जिसने पिछले साल सरकार के साथ शांति समझौता किया था।

मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित रूप से शामिल होने और अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक बयान के अनुसार, राज्य पुलिस के कमांडो और असम राइफल्स की 31वीं बटालियन की संयुक्त टीम ने बृहस्पतिवार को लिलोंग चाजिंग मैरेंगखोंग लेइकाई में तलाशी अभियान के दौरान हवाइबाम लखामोन (58) को गिरफ्तार किया।

वह यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (प्रोग्रेसिव) का सदस्य था, जिसने 2023 में केंद्र और राज्य सरकार के साथ शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। पुलिस ने बताया कि उसे जबरन वसूली की गतिविधियों में कथित संलिप्तता और अवैध रूप से हथियार एवं गोला-बारूद रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उसके पास से कारतूस भरी मैगजीन के साथ एक पिस्तौल जब्त की गई।

इस बीच, पुलिस और सेना की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बिष्णुपुर जिले में केइफा रोड के आसपास एक अभियान के दौरान दो देसी पिस्तौल, तीन हथगोले और दो इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद किए। बयान में यह जानकारी दी गई।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़