Delhi Rain से दो दर्जन से अधिक मकान ढहे और पेड़ गिरे, कोई हताहत नहीं

Delhi Heavy
AI Image

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि से शुक्रवार शाम तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते अग्निशमन विभाग को मकान ढहने और पेड़ गिरने की दो दर्जन से ज्यादा सूचनाएं प्राप्त हुईं। मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट के बीच कई इलाकों में 110 मिमी से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ। दमकल कर्मियों ने एक घर पर पेड़ गिरने से फंसी तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

(तस्वीरों के साथ) नयी दिल्ली, सात अगस्त राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बृहस्पतिवार मध्यरात्रि से लेकर शुक्रवार शाम तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) को मकान ढहने, इमारतों के हिस्से गिरने और पेड़ उखड़ने की दो दर्जन से अधिक सूचनाएं मिलीं। हालांकि, इन घटनाओं में कोई हताहत नहीं हुआ है। अग्निशमन विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को आधी रात 12 बजे से शुक्रवार को शाम 5:30 बजे के बीच लगातार बारिश के दौरान ये सूचनाएं दर्ज की गईं।

इसने बताया कि एक घटना में, एक मकान पर पेड़ गिर जाने से उसमें तीन महिलाएं फंस गईं, जिन्हें अग्निशमनकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल विभाग ने बताया कि इनमें से नौ सूचनाएं मकान पूरी तरह ढहने या इमारतों का हिस्सा गिरने से संबंधित थीं। दिनभर हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ और सड़कों पर वाहनों की गति थम सी गई।

इससे पहले दिन में, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए कई स्थानों पर मध्यम और कुछ स्थानों पर गरज-चमक तथा बिजली गिरने के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया था। बाद में, कुछ मौसम केंद्रों पर 110 मिमी से अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश और जलभराव के कारण कई प्रमुख मार्गों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।

यात्रियों ने सोशल मीडिया पर खराब यातायात प्रबंधन और जलभराव की शिकायतें दर्ज कराईं, जिससे सर्वाधिक भीड़-भाड़ वाले समय के दौरान हज़ारों लोग जाम में फंसे रहे। प्रशासन प्रभावित इलाकों से गिरे पेड़ हटाने, जलभराव से निपटने, जर्जर इमारतों पर नजर रखने में और यातायात को वापस सामान्य करने में जुटा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़