Delhi के चार बड़े अस्पतालों में दिवाली पर पहुंचे आग से झुलसे 397 मरीज

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

दिवाली के दौरान दिल्ली के चार प्रमुख सरकारी अस्पतालों में आग और पटाखों से झुलसने के 397 मामले सामने आए हैं। इनमें मामूली चोटों से लेकर गंभीर रूप से जख्मी मरीज शामिल हैं, जिन्हें आईसीयू और सर्जरी की जरूरत पड़ी। एम्स के नेत्र केंद्र में आंखों की चोट से पीड़ित 110 लोग भी इलाज के लिए पहुंचे।

नयी दिल्ली, नौ नवंबर दिल्ली के प्रमुख अस्पतालों में दिवाली के दौरान आग से झुलसे करीब 400 मरीज आए। इन मामलों में मामूली रूप से झुलसने से लेकर अत्यधिक गंभीर चोटें शामिल हैं, जिनके लिए मरीजों को गहन देखभाल और सर्जरी की आवश्यकता पड़ी। अस्पतालों द्वारा सोमवार को जारी आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) दिल्ली द्वारा सोमवार सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के मुताबिक, वहां झुलसने के 42 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 11 गंभीर मामले शामिल हैं। इन 42 मरीजों में से चार को गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराना पड़ा, जबकि सात को वार्ड में भर्ती किया गया और शेष 31 मामूली रूप से झुलसे थे। अस्पताल ने बताया कि पांच मरीजों का ऑपरेशन किया गया और आठ मरीज अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है।

अस्पताल में आने वाला सबसे छोटा मरीज पांच साल का था, जबकि 45 प्रतिशत तक झुलसे आठ साल के बच्चा की हालत गंभीर है। दर्ज मामलों में 37 मरीज पटाखों के कारण और दो मरीज ‘पोटाश’ के कारण झुलसे थे। इसके अतिरिक्त, एम्स के डॉ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र में रविवार और सोमवार तड़के तक आंख की चोटों से पीड़ित लगभग 110 मरीज पहुंचे, जिनमें से अधिकतर पटाखों के कारण घायल हुए थे।

इनमें से 72 मरीजों की आंख में मामूली चोटें थीं और उनका बिना ऑपरेशन के दवाइयों द्वारा इलाज किया गया, जबकि 18 मरीजों की सर्जरी करनी पड़ी। दिल्ली के चार प्रमुख अस्पतालों अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में 42; सफदरजंग अस्पताल में 142; डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में 41 और गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 172 मरीज पहुंचे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़