दिल्ली में Mungeshpur नाले के पास बनेगा छठ घाट, 9.6 करोड़ रुपये की लागत से होगा विकास

दिल्ली सरकार बाहरी उत्तरी दिल्ली में मुंगेशपुर नाले के दोनों किनारों पर एक स्थायी छठ घाट विकसित करने की योजना बना रही है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग द्वारा पूरी की जाने वाली इस परियोजना पर करीब 9.6 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
नयी दिल्ली, चार अगस्त दिल्ली सरकार बाहरी उत्तरी दिल्ली में मुंगेशपुर नाले के दोनों किनारों पर एक स्थायी छठ घाट विकसित करने की योजना बना रही है ताकि बड़े स्तर पर छठ पूजा की जा सके। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हाल में कहा था कि सरकार इस साल छठ पूजा को बड़े पैमाने पर आयोजित करने के लिए काम कर रही है।
साथ ही मुनक नहर के सूखे हिस्से पर प्रमुख घाट भी विकसित किए जा रहे हैं। एक अधिकारी ने कहा कि मुंगेशपुर घाट के विकास के लिए एक निविदा जारी की गई है, जिसमें आधुनिक सुविधाएं, बागवानी कार्य और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी। करीब 9.6 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में मिट्टी की खुदाई, भूमि को समतल करना, लगभग 16 एकड़ में हरित क्षेत्र विकसित करना, ‘चेंजिंग रूम’ और शौचालयों का निर्माण तथा चारदीवारी बनाना शामिल है।
अधिकारियों ने बताया कि सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग इस परियोजना को पूरा करेगा। अधिकारियों ने कहा कि सरकार मुनक नहर के किनारे एक छठ घाट भी विकसित कर रही है, जहां लगभग 20,000 श्रद्धालु पूजा में भाग ले सकेंगे। परियोजना के लिए सरकारी मंजूरी और कोष मिलने के बाद विभाग ने काम शुरू कर दिया है।
अन्य न्यूज़













