Etah में फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी चलाने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार

Etah में फर्जी मेडिकल कॉलेज और यूनिवर्सिटी चलाने वाले गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मारहरा पुलिस ने छात्रों को फर्जी दस्तावेज देकर ठगने वाले पांच आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह वर्ष 2022 से नर्सिंग और फार्मेसी जैसे कोर्स में दाखिले के नाम पर वसूली कर रहा था। आरोपियों के पास से फर्जी पहचान पत्र, मार्कशीट और कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में थाना मारहरा पुलिस ने कथित तौर पर फर्जी मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय संचालित करने और छात्रों को पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने तथा फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज उपलब्ध कराने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन के अनुसार, पुलिस को अपहरण करके दो लाख रुपये की फिरौती मांगने की झूठी सूचना मिलने के बाद मामले की जांच शुरू हुई थी।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान कथित फर्जी शैक्षणिक संस्थान और उससे जुड़े कथित नेटवर्क का पता चला। पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्ष 2022 से डी.फार्मा, बी.फार्मा, बीएससी नर्सिंग समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिलाने के नाम पर छात्रों और उनके अभिभावकों से धनराशि वसूल रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से डेस्कटॉप कंप्यूटर, विभिन्न कॉलेजों के फर्जी चेक, 16 फर्जी छात्र पहचान पत्र, आवेदन फार्म, प्रवेश शीट, फीस रसीद, परीक्षा पुस्तिकाएं, फर्जी मोहर, पेम्पलेट, लेटर पैड और फर्जी मार्कशीट बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार इसके अलावा एनरोलमेंट नंबर, रोल नंबर, अटेंडेंस और एडमिशन से संबंधित रिकॉर्ड भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतेन्द्र कुमार (36), निवासी महमूदपुर नगरिया, मारहरा, गौरव अग्रवाल (42), निवासी नदरई गेट, कासगंज, भगवान दास (59), निवासी धरमपुर, मारहरा, नरेन्द्र उर्फ पप्पू (58), निवासी मोहल्ला पैठ, मारहरा और मो. शरीफ कुरैशी (75), निवासी गफूरगंज, मारहरा के रूप में हुई है। एसएसपी इलामारन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि नेटवर्क से कितने छात्र जुड़े थे तथा उनसे कितनी धनराशि वसूली गई।

All the updates here:

अन्य न्यूज़