Delhi Police की पत्रकारों को सलाह, प्रदर्शन कवरेज के समय वैध ID कार्ड साथ रखें

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस ने मीडिया कर्मियों के लिए एक औपचारिक परामर्श जारी किया है। इसके तहत प्रदर्शन स्थलों पर रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को संस्थान या पीआईबी और डीआईपी का पहचान पत्र स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और पुलिस कार्रवाई से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को कहा गया है।

नयी दिल्ली, पांच अक्टूबर दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की कवरेज करने वाले पत्रकारों को सोमवार को सलाह दी कि वे अपने संबंधित संस्थानों द्वारा जारी वैध पहचान पत्र या वैध पीआईबी/डीआईपी मान्यता पत्र साथ रखें तथा प्रदर्शन स्थलों पर हर समय स्पष्ट रूप से प्रदर्शित रखें, ताकि कानून प्रवर्तन अधिकारियों को उनकी पहचान में सुविधा हो। पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए जारी परामर्श में कहा कि मीडिया कर्मियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनकी मौजूदगी या गतिविधियों से पुलिस की कार्रवाई या कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाले कर्मियों के कार्यों में बाधा न आए। परामर्श में कहा गया है कि तनावपूर्ण स्थिति के दौरान मौके पर मौजूद पत्रकारों को कवरेज और घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग करते समय उचित और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी जाती है।

इसमें कहा गया है कि पत्रकारों को ऐसी जगह पर खड़े होने की सलाह दी गई है, जिससे वे प्रदर्शनकारियों से स्पष्ट रूप से अलग नजर आएं। यह परामर्श ऐसे समय में आया है जब प्रदर्शन स्थलों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है और प्रदर्शन की कवरेज करने वाले पत्रकारों को तनावपूर्ण और भीड़भाड़ वाली परिस्थितियों में काम करना पड़ सकता है। दिल्ली पुलिस ने कहा कि इन उपायों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना भी है कि मीडिया कर्मी पुलिस की कार्रवाई या सुरक्षा कर्मियों की कार्रवाई में हस्तक्षेप न करें।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़