Delhi Nand Nagri में युवक की चाकू मारकर हत्या, 2 नाबालिग हिरासत में

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

नंद नगरी में 35 वर्षीय सोनू की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने 16 और 17 वर्ष के दो किशोरों को पकड़ा है। जीटीबी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो चाकू और कपड़े बरामद कर लिए हैं।

दिल्ली के नंद नगरी इलाके में नेपाल के मूल निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 16 और 17 साल के दो किशोरों को पकड़ा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 2:24 बजे गगन सिनेमा के पास एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना नंद नगरी थाने को मिली। अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो एफ-1 एमसीडी पार्क के प्रवेश द्वार पर एक व्यक्ति घायल अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस घायल को गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि मृतक की पहचान सोनू उर्फ कांचा उर्फ छोटू (35) के रूप में हुई। वह नंद नगरी का निवासी था और मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल का फॉरेंसिक टीम ने निरीक्षण किया और साक्ष्य एकत्र किए।

इस मामले में नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) समेत अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, मामले में टीम गठित की गई जिसने स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद 16 और 17 साल के दो किशोरों को पकड़ा गया जिन्होंने पूछताछ में अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

पुलिस के अनुसार किशोरो ने बताया कि पीड़ित के साथ उनका कुछ विवाद था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने वारदात के समय जो कपड़े पहने थे, उन्हें जब्त कर लिया गया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो चाकू भी बरामद किए गए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़