Dussehra पर Delhi Police का कड़ा पहरा, राजधानी में 10000 सुरक्षाकर्मी तैनात

राजधानी में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धार्मिक स्थलों और बड़े आयोजन परिसरों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी। वरिष्ठ अधिकारी खुद विभिन्न आयोजन स्थलों का मुआयना कर व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
दिल्ली में दशहरा उत्सव के दौरान कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करीब 10,000 पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा और भीड़भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों और बड़े सार्वजनिक समारोहों वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती रहेगी, जबकि वरिष्ठ अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने और पर्याप्त बल सुनिश्चित करने के लिए तैनाती स्थलों का निरीक्षण करेंगे।
अधिकारियों को उत्सव के दौरान भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है और इसके मद्देनजर भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख मंदिरों, पंडालों और दशहरा आयोजन स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मध्य दिल्ली में त्योहारों में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है, जिसके लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में मध्य जिले में बहुत भारी भीड़ रहती है और नवरात्रि के दौरान झंडेवालान में भी भारी संख्या में श्रद्धालु आते हैं तथा कई स्थानों पर एक साथ दुर्गा पूजा का आयोजन भी चल रहा है।
उन्होंने कहा, लिहाजा, मध्य जिले में व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जहां महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती की गई है। वरिष्ठ अधिकारी भी तैनाती स्थलों का नियमित दौरा करते हैं। हमने पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए रणनीतिक स्थानों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस टीमें किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगी। पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने, सुरक्षाकर्मियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस अधिकारी को देने का आग्रह किया है।
अन्य न्यूज़













