केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट से 27 लाख ठगने वाले Jamtara के दो साइबर अपराधी दिल्ली में गिरफ्तार

केनरा बैंक की फर्जी वेबसाइट से 27 लाख ठगने वाले Jamtara के दो साइबर अपराधी दिल्ली में गिरफ्तार
प्रतिरूप फोटो
AI-Generated

दिल्ली पुलिस की विशेष सेल की आईएफएसओ इकाई ने बैंक की फर्जी वेबसाइट बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले दो मुख्य आरोपियों को पकड़ा है। झारखंड के जामताड़ा निवासी दोनों आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। दोनों आरोपी पिछले पांच साल से फरार चल रहे थे।

दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई ने झारखंड स्थित जामताड़ा के साइबर ठगी गिरोह के दो कथित सरगनाओं को एक बैंक की फर्जी वेबसाइट के जरिए 27.10 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि वे मामले में पांच साल से अधिक समय से फरार थे। पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ से संबद्ध ‘इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस’ (आईएफएसओ) के बयान अनुसार, आरोपियों की पहचान झारखंड के जामताड़ा निवासी मोहम्मद मेहरुद्दीन अंसारी (30) और मोहम्मद अरशद अंसारी (29) के रूप में हुई है।

दोनों ने 30 अक्टूबर को पटियाला हाउस अदालत में आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि यह मामला जुलाई 2021 का है।

उस समय विश्वजीत पॉल ने शिकायत दर्ज कराकर आरोप लगाया था कि चेक से जुड़ी जानकारी लेने के लिए उन्होंने गूगल पर केनरा बैंक का ग्राहक सेवा नंबर खोजा था और इस दौरान मिले एक नंबर पर उन्होंने संपर्क किया। उन्होंने कहा कि इसके बाद फोन करने वाले व्यक्ति ने उन्हें एक फर्जी वेबसाइट का लिंक भेजा जो देखने में केनरा बैंक की आधिकारिक वेबसाइट जैसी लगती थी। पुलिस के अनुसार, फोन करने वाले के कहने पर शिकायतकर्ता ने वेबसाइट पर अपने बैंक खाते की जानकारी दर्ज कर दी और इसके बाद उनके मोबाइल फोन में एक ऐप डाउनलोड हो गया तथा कुछ समय बाद उनके खाते से आठ अलग-अलग बैंक खातों में 27.10 लाख रुपये धोखाधड़ी से स्थानांतरित कर दिए गए।

इस मामले में आठ जुलाई 2021 को विशेष प्रकोष्ठ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद जांच शुरू की गई। बयान के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर ऐसे साइबर ठगी गिरोह के अहम सदस्य हैं, जो प्रतिष्ठित बैंकों की आधिकारिक वेबसाइट से मिलती-जुलती फर्जी वेबसाइट बनाते थे।

पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य इंटरनेट पर फर्जी विज्ञापन डालकर ग्राहक सेवा के गलत नंबर दिखाते थे। जब कोई ग्राहक इन नंबरों पर फोन करता था तो ठग खुद उसका फोन उठाते थे या फिर शुल्क लेकर अपने दूसरे साथियों को फोन स्थानांतरित कर देते थे। बयान में कहा गया कि इसके बाद ग्राहकों को फर्जी लिंक भेजकर उनकी बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल की जाती थी और इस तरह गिरोह उनके खातों से पैसे निकाले जाते।

पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि शिकायतकर्ता को केनरा बैंक की जिस फर्जी वेबसाइट से ठगा गया था उसे कथित तौर पर मेहरुद्दीन और अरशद अंसारी ने बनाया था। अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में पहले आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें वे लोग भी शामिल थे, जो ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने, उनका संचालन करने और रकम निकालने या स्थानांतरित करने में मदद करते थे।

पुलिस ने इनमें से दो आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। बाद में छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। फिलहाल ये सभी नियमित जमानत पर बाहर हैं।

अधिकारियों के अनुसार, मेहरुद्दीन और अरशद लगातार पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहे थे। उन्हें पकड़ने के लिए कई बार छापेमारी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी किए थे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़