Delhi के Uttam Nagar में मांझे से बाइक सवार युवक की गर्दन कटी, FIR दर्ज

विकास नगर निवासी 32 वर्षीय धीरज कुमार ओझा पांच अगस्त को बाइक से मुंडका जाते समय उत्तमनगर के पास नाला रोड पर पतंग के मांझे की चपेट में आ गए थे। गर्दन पर गंभीर घाव होने के बाद उन्हें दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर बीएनएस की धारा 125, 118 और 223(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली के उत्तमनगर में मोटरसाइकिल चलाते समय कथित तौर पर मांझे की चपेट में आने से 32 वर्षीय एक व्यक्ति की गर्दन पर गंभीर रूप से चोट आ गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना पांच अगस्त को हुई जब विकास नगर निवासी धीरज कुमार ओझा अपनी मोटरसाइकिल पर उत्तमनगर से मुंडका की ओर जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जब ओझा उत्तमनगर के पास नाला रोड पर पहुंचे, तो अचानक मांझे से उनकी गर्दर कट गई और गंभीर घाव हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि ओझा को तुरंत दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी चोट का इलाज किया गया। ओझा ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने लापरवाही से खतरनाक मांझे का उपयोग करके पतंग उड़ाई, जिससे वह घायल हो गया।
अधिकारी ने कहा कि मेडिकल जांच रिपोर्ट और घायल व्यक्ति के बयान के आधार पर, पुलिस ने उत्तमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 (जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाला कार्य), 118 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और 223 (ए) (लोक सेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि पुलिस मांझे के स्रोत का पता लगाने और पतंग उड़ाने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास कर रही है। यह घटना राष्ट्रीय राजधानी में प्रतिबंधित चीनी मांझे के उपयोग, बिक्री और भंडारण के खिलाफ दिल्ली पुलिस की जारी कार्रवाई के बीच हुई है।
विभिन्न जिलों में पुलिस दलों ने प्रतिबंधित पतंग मांझे के खिलाफ जांच और प्रवर्तन तेज कर दिया है, जिससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन सवारों को गंभीर चोट लग सकती है। पुलिस ने विभिन्न पुलिस जिलों में की गई अलग-अलग कार्रवाइयों में चीनी मांझा की 2,000 से अधिक चरखियां जब्त की हैं।
अन्य न्यूज़













