सुशील मोदी के निधन से शोक की लहर, गंगा घाट पर राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, जेपी नड्डा और सीएम नीतीश रहेंगे मौजूद

Sushil Modi
ANI
अंकित सिंह । May 14 2024 12:03PM

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्ली से पटना लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी जेसी जॉर्ज से टेलीफोन पर बात कर सांत्वना दी है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी का सोमवार शाम दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। 72 वर्षीय कैंसर से जूझ रहे थे और पिछले एक महीने से एम्स की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती थे। कभी बिहार में भाजपा का सबसे चर्चित चेहरा रहे इस कद्दावर नेता ने अपने स्वास्थ्य के कारण मौजूदा लोकसभा चुनाव से भी किनारा कर लिया था। उन्होंने 3 अप्रैल को एक्स, पूर्व ट्विटर पर एक पोस्ट के साथ सोशल मीडिया पर इसकी घोषणा की थी।

इसे भी पढ़ें: Rahul Gandhi को Rae Bareli से हराने में जुटे BJP के स्थानीय कार्यकर्ता, Dinesh Pratap को बताया स्थानीय प्रत्याशी

सुशील मोदी के निधन के बाद भाजपा सहित बिहार में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक सुशील मोदी का आज शाम पटना में अंतिम संस्कार किया जाएगा। इसके भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और सीएम नीतीश कुमार मौजूद रहेंगे। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर सुशील कुमार मोदी का पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्ली से पटना लाया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी जेसी जॉर्ज से टेलीफोन पर बात कर सांत्वना दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र  मोदी ने ट्वीट किया, "पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी। वे बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका सदैव स्मरणीय रहेगी। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं।"

बिहार के पूर्व सीएम और राजद प्रमुख लालू यादव ने ट्वीट किया, " पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ के समय यानि विगत 51-52 वर्षों से हमारे मित्र भाई सुशील मोदी के निधन का अति दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।  वे एक जुझारू, समर्पित सामाजिक राजनीतिक व्यक्ति थे। ईश्वर दिवगंत आत्मा को चिरशांति तथा परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।' डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "बड़ा दु:खद समाचार सुशील मोदी के बारे में मुझे मिला कि वह हमारे बीच नहीं रहें।...वह पार्टी में सभी को हिम्मत प्रदान करते थे और मार्गदर्शन देते थे...आज उनकी कमी खल रही है उनकी भरपाई निकट भविष्य में कही नहीं दिख रहा है। ईश्वर इनकी आत्मा को शांति दें और इनके परिवार को इस दु:ख को सहने की क्षमता दें।"

इसे भी पढ़ें: बंगाल की महिलाओं के आत्मसम्मान और गरिमा से खिलवाड़ न करें प्रधानमंत्री मोदी: ममता

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "सुशील मोदी का निधन होना बिहार के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है और बिहार में बीजेपी के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बीजेपी को आगे बढ़ाने का काम किया। आज बिहार के लिए अपूरणीय क्षति है।' केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे इसको लेकर रोने लगे। उन्होंने कहा, "सुशील मोदी सिर्फ मेरे मित्र नहीं बल्कि भाई थे, मैंने आज अपने भाई को खोया है, इसकी मैं व्याख्या नहीं कर सकता... सुशील मोदी में बहुत नम्रता थी, उनके दिल में बहुत परोपकार था। पार्टी के लिए उन्होंने समर्पण भाव से काम किया...।"

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़