दिग्विजय की मांग, JNU हमले के आरोपियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाए

digvijay-demand-identify-the-accused-of-jnu-attack-and-take-action
[email protected] । Jan 6 2020 8:19PM

दिग्विजय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय में नेपाल एवं लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री, नोबल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी, भाजपा नीत मौजूदा केन्द्र सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री जयशंकर सहित कई जाने माने लोगों ने पढ़ाई की है।

छतरपुर (मध्यप्रदेश)। दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू)परिसर में हुए हमले की कड़ी आलोचना करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से आरोपियों की पहचान करकड़ी कार्रवाई करने की मांग की। सिंह ने छतरपुर जिले के हरपालपुर कस्बे में आयोजित बसोर समाज के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा,‘‘कल (रविवार) रात जिस प्रकार जेएनयू में छात्रों के साथ बर्ताव किया गया, हम उसका घोर विरोध करते हैं। इस विश्वविद्यालय में लड़कियों के हॉस्टल में जाकर गुंडागर्दी करते हुए उनके सिर फोड़ दिए गए। ऐसे लोगों को चिन्हित करना पड़ेगा। इस तरह की घटनाएं पूरी तरह से असहनीय हैं।’’

उन्होंने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि इस विश्वविद्यालय में नेपाल एवं लीबिया के पूर्व प्रधानमंत्री, नोबल पुरस्कार विजेता अभिजीत बनर्जी, भाजपा नीत मौजूदा केन्द्र सरकार की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री जयशंकर सहित कई जाने माने लोगों ने पढ़ाई की है। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस तरह के एक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालय की लड़कियों पर उनके हॉस्टल में घुस कर हमला किया गया।

इसे भी पढ़ें: वन मंत्री उमंग सिंघार और दिग्विजय सिंह के बीच विवाद के बाद वर्फ पिघलने की आहट

सिंह ने कहा, ‘‘केन्द्रीय गृह मंत्री जी आपकी जिम्मेदारी है कि आप उन सब गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करिए, जिन्होंने महिलाओं के हॉस्टल में घुसकर उनके साथ गुंडागर्दी की। छात्र संघ अध्यक्ष का सिर फोड़ दिया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस देश को अहिंसा का रास्ता अपनाना पड़ेगा। नफरत से यह देश आगे नहीं बढ़ सकता। हमें इस बात को समझना पड़ेगा।’’

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़