बाढ़ का कहर, अस्पताल ले जायी जा रही महिला ने रास्ते में ही दिया बच्ची को जन्म

due to heavy flood woman gave birth to a baby girl on the way

बहराइच जिले में भारी बारिश और बाढ़ के कारण नाव से अस्पताल ले जायी जा रही महिला ने रास्ते में ही बच्ची को जन्म दिया।जिलाधिकारी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल व बहराइच में हुई अधिक वर्षा के कारण जिले में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इस कारण जिले में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।

बहराइच (उप्र)। बहराइच जिले में भारी बारिश व बाढ़ जैसे हालात के कारण पानी भर जाने व सभी मार्ग बंद होने पर नाव से अस्पताल ले जाई जा रही गर्भवती महिला ने राह में ही बच्ची को जन्म दे दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित व स्वस्थ हैं। जिलाधिकारी दिनेश चन्द्र सिंह ने प्रसव कराने वाली स्वास्थ्य कर्मी सत्यवती को प्रशस्ति-पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया है। जिलाधिकारी सिंह ने शुक्रवार को बताया कि नेपाल व बहराइच में हुई अधिक वर्षा के कारण जिले में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। इस कारण जिले में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं।

इसे भी पढ़ें: प्रियंका की प्रतिज्ञा यात्राएं दिवाली से पहले बड़ा सियासी धमाका

जिलाधिकारी ने बताया कि हालात का जायजा लेने व स्थलीय निरीक्षण के लिए बृहस्‍पतिवार को वह मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर स्थित नेपाल सीमावर्ती सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे थे। उसी समय वहां महिला स्वास्थ्य कर्मी (एएनएम) सत्यवती एक महिला व उसकी नवजात बच्ची को लेकर पहुंची। जिलाधिकारी के अनुसार बाढ़ के चलते सुजौली थाना क्षेत्र के नौकापुरवा गांव में पानी भर जाने व सभी मार्ग बंद हो जाने के कारण गर्भवती महिला को प्रसव हेतु नाव से सुजौली प्राथमिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र (पीएचसी) लाया जा रहा था।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति कोविंद तीन दिवसीय पटना दौरे के बाद लौटे दिल्ली,अंतिम दिन किया अरदास

नाव पर एएनएम सत्यवती भी सवार थीं। इसी दौरान गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा शुरू हो गयी। सिंह के अनुसार एएनएम सत्यवती ने विपरीत हालात में, एक बैनर से नाव पर पर्दे की व्यवस्था कर सुरक्षा घेरा बनाया। उन्‍होंने बताया कि सत्यवती ने महिला की जान तो बचा ही ली, साथ ही नाव पर सुरक्षित प्रसव भी करा दिया। प्रसव के बाद इलाज व देखरेख हेतु महिला व नवजात को लेकर एएनएम अस्पताल पहुंच गयीं। जिलाधिकारी ने बताया कि सत्यवती को उनके विवेकपूर्ण साहसिक कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। धात्री महिला व नवजात बच्ची को भी उपहार स्वरूप नगद राशि दी गयी है। निरीक्षण के दौरान सुजौली पीएचसी पर तैनात चिकित्सक डॉ. प्रमोद कुमार के ड्यूटी पर मौजूद न मिलने के कारण डीएम ने उनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़