प्रियंका की प्रतिज्ञा यात्राएं दिवाली से पहले बड़ा सियासी धमाका

Priyanka
अजय कुमार । Oct 22 2021 2:47PM

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज शुक्रवार को कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा 23 अक्टूबर से एक नवंबर तक निकलेगी।

उत्तर प्रदेश में प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में आगे बढ़ रही कांग्रेस प्रदेश में तीन प्रतिज्ञा यात्रा निकालकर दीपावली से पहले सियासी रूप से बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका वाड्रा इन प्रतिज्ञा यात्राओं से कांग्रेस की थाह लेना चाहती है। इन यात्राओं की सफलता के आधार पर ही प्रियंका वाड्रा अपनी आगे की रणनीति बनाएंगी। करीब 30 सालों से यूपी में पुनः अपना वजूद तलाश रही कांग्रेस के लिए प्रियंका वाड्रा उम्मीद की किरण बन कर आई है। प्रियंका के आने से कांग्रेसियों में उत्साह है। संगठन में एकजुटता आई है।नेता घर से निकलकर सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं।कांग्रेस के लिए यह सब काफी शुभ संकेत हैं। प्रियंका यदि मिशन यूपी में सफल हो जाती हैं तो निश्चित रूप से उनका राष्ट्रीय राजनीति में कद काफी बढ़ जाएगा। उत्तर प्रदेश में  प्रियंका के नेतृत्व में कांग्रेस एक बार फिर 80 के दशक वाली मजबूत स्थिति हासिल करना चाहती है, जिसके सहारे करीब 40 वर्षों तक कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में  राज किया था।  उत्तर प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के निर्देश पर 23 अक्टूबर यानी शनिवार से प्रदेश में तीन कांग्रेस प्रतिज्ञा यात्रा निकाली जाएगी।

इसे भी पढ़ें: यूपी कांग्रेस की होगी प्रतिज्ञा यात्रा, बाराबंकी में प्रियंका गांधी दिखाएंगी हरी झंडी

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आज शुक्रवार को कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया और उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कांग्रेस की तीन प्रतिज्ञा यात्रा 23 अक्टूबर से एक नवंबर तक  निकलेगी। पहले चरण में वाराणसी, सहारनपुर तथा बाराबंकी से कांग्रेस की प्रतिज्ञा यात्रा निकलेगी।प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि शनिवार को पहली प्रतिज्ञा यात्रा वाराणसी से शुरू होगी जो रायबरेली में समाप्त होगी। दूसरी यात्रा बाराबंकी से शुरू होकर बुंदेलखंड में झांसी में समाप्त होगी। तीसरी यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जिले से आरंभ होगी और उसका समापन मथुरा में होगा। इन सभी यात्राओं का समापन एक नवंबर को होगा।

कांग्रेस की चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष पीएल पुनिया ने बताया कि वाराणसी से शुरू होने वाली प्रतिज्ञा यात्रा के प्रभारी प्रमोद तिवारी, नदीम जावेद और राजेश मिश्रा होंगे। बाराबंकी से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी पीएल पुनिया, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और प्रदीप जैन आदित्य होंगे।

इसे भी पढ़ें: राष्ट्रपति कोविंद तीन दिवसीय पटना दौरे के बाद लौटे दिल्ली,अंतिम दिन किया अरदास

सहारनपुर से शुरू होने वाली यात्रा के प्रभारी सलमान खुर्शीद और आचार्य प्रमोद कृष्णम होंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की चौथी प्रतिज्ञा यात्रा दीपावली के बाद शुरू होगी। पहले 31 अक्टूबर में गोरखपुर में प्रियंका गांधी वाड्रा की जनसभा होगी। कांग्रेस विधानमंडल दल नेता आराधना मिश्रा ने कहा कि पार्टी इन यात्राओं के जरिये अपनी प्रतिज्ञाओं के साथ पूरी वचनबद्धता से आगे बढ़ेगी।तीन अलग क्षेत्रों से प्रतिज्ञा यात्राओं को कांग्रेस महासचिव व प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा बाराबंकी में जनसभा के बाद झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। इस मौके पर वह कांग्रेस की छह प्रतिज्ञाओं की घोषणा भी करेंगी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़