जम्मू-कश्मीर के रामबन में अमरनाथ यात्रियों के काफिले की दो बसें और कार टकराईं, हादसे में 18 लोग घायल

जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो बसों और एक कार की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अमरनाथ यात्रियों समेत 18 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दो बसों और एक कार के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में कम से कम 18 लोग घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना में घायल होने वाले लोगों में अधिकांश अमरनाथ यात्री हैं जो तीर्थयात्रा के लिए कश्मीर की ओर जा रहे थे।
यह हादसा सुबह करीब सात बजकर 20 मिनट पर चंद्रकोट लंगर स्थल के बाहर घटित हुआ। प्रारंभिक जांच और अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर एक अन्य बस और कार से जा टकराई। ये तीनों ही वाहन कश्मीर जा रहे श्रद्धालुओं के सुरक्षित काफिले का हिस्सा थे और इस टक्कर में तीनों वाहनों को काफी क्षति पहुंची है।
दुर्घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और घायलों को तुरंत रामबन जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। रामबन जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुदर्शन सिंह कटोच ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि कुल 18 घायलों को अस्पताल लाया गया था। सभी घायलों को आवश्यक प्राथमिक उपचार प्रदान करने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
अन्य न्यूज़














