Eknath Khadse का ऑडियो क्लिप मामले में कानूनी कार्रवाई का ऐलान, BJP नेता ने दिया इस्तीफा

Prabhasakshi Image

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के नेता एकनाथ खडसे ने बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे और अपने खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी वाली ऑडियो क्लिप को लेकर कानूनी कार्रवाई करने की घोषणा की। यह ऑडियो क्लिप महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन और भाजपा के उत्तर महाराष्ट्र समन्वयक विजय चौधरी के बीच कथित बातचीत की बताई जा रही है। विवाद बढ़ने पर विजय चौधरी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी के बीच कथित बातचीत की एक ‘ऑडियो क्लिप’ से विवाद पैदा होने के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के नेता एकनाथ खडसे ने चेतावनी दी है कि उनके तथा उनकी बहू एवं केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे के खिलाफ की गई कथित टिप्पणियों को लेकर वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। सोशल मीडिया पर प्रसारित इस ‘ऑडियो क्लिप’ में भाजपा के उत्तर महाराष्ट्र समन्वयक विजय चौधरी, राकांपा (शप) नेता एकनाथ खडसे के सिलसिले में अभद्र का इस्तेमाल करते तथा रक्षा खडसे के विरुद्ध अपमानजनक टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। रक्षा युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री हैं।

हालांकि ‘पीटीआई-भाषा’ इस ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी है। एकनाथ खडसे ने बृहस्पतिवार को पत्रकारों से कहा कि वह अपने वकीलों से सलाह ले रहे हैं और इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू करेंगे। खडसे ने कहा, ‘‘मैं कानूनी सलाह ले रहा हूं और शीघ्र कानूनी कार्रवाई शुरू करूंगा।

मैं कथित ऑडियो क्लिप भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व को भी सौंपूंगा।’’ इस विवाद के बीच, चौधरी ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को पार्टी के उत्तर महाराष्ट्र समन्वयक पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है। अपने त्यागपत्र में चौधरी ने आरोप लगाया कि राजनीतिक विरोधी उन्हें और भाजपा को बदनाम करने के लिए पिछले कुछ दिनों से कथित ‘ऑडियो क्लिप’ फैला रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्होंने अपना इस्तीफ़ा दिया है।

चौधरी ने यह भी कहा कि पिछले 13 सालों में भाजपा ने उन्हें जो ज़िम्मेदारियां सौंपी, उन्हें उन्होंने पूरी ईमानदारी से निभाया है। एकनाथ खडसे 2014 से देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाले पिछले मंत्रिमंडल में राजस्व मंत्री थे। हालांकि, 2016 में जमीन के सौदे से जुड़े आरोपों के कारण उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था।

उन्होंने 40 साल तक भाजपा में रहने के बाद अक्टूबर 2020 में पार्टी छोड़ दी और शरद पवार की अगुवाई वाली राकांपा (शप) में शामिल हो गए। वह अभी राकांपा (शप) के विधानपरिषद सदस्य हैं। अप्रैल 2024 में, पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे ने घोषणा की थी कि वह फिर से भाजपा में शामिल होंगे।

हालांकि, उनकी वापसी टल गई। अत्यधिक समय बीत जाने के कारण एकनाथ खडसे ने अपना रुख बदल लिया और भाजपा में लौटने की संभावना को खारिज करते हुए कहा कि वह राकांपा (शप) के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़