पूर्व Bardhaman में बच्चे की सर्जरी कर जान लेने वाला फर्जी डॉक्टर Sheikh Saidul पुलिस रिमांड पर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धवान में खुद को चिकित्सक बताकर बच्चे का गलत ऑपरेशन करने वाले आरोपी को अदालत ने छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपी शेख सैदुल दिल्ली एयरपोर्ट से शारजाह भागने की फिराक में था, तभी लुकआउट नोटिस के आधार पर उसे पकड़ा गया। मामले में नर्सिंग होम के दो सह-मालिकों समेत तीन अन्य लोग पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

बर्धमान (पश्चिम बंगाल), सात अक्टूबर पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धवान जिले की एक अदालत ने खुद को चिकित्सक बताकर एक बच्चे की कथित तौर पर जानलेवा सर्जरी करने वाले व्यक्ति को छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। आरोपी शेख सैदुल को पूर्व बर्धवान पुलिस द्वारा जारी ‘लुक आउट’ नोटिस के आधार पर नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था, जहां वह कथित तौर पर किसी दूसरे देश भागने की कोशिश कर रहा था। कथित फर्ज़ी चिकित्सक शेख सैदुल को राष्ट्रीय राजधानी की एक विशेष अदालत से ट्रांज़िट रिमांड पर यहां लाया गया।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत ने अभियोजन की याचिका पर उसे छह दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। अभियोजन ने सैदुल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) जोड़ने की अनुमति भी मांगी है। इससे पहले संबंधित मजिस्ट्रेट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

अभियोजन पक्ष के वकील ने अदालत को बताया कि सैदुल शारजाह जाने वाली उड़ान में सवार होने की तैयारी में था। आरोप है कि सैदुल ने सितंबर में पूर्व बर्धवान जिले के नबाबहाट इलाके में एक बच्चे के गुप्तांग की सर्जरी की थी। इसके बाद ऑपरेशन से हुई कथित जटिलताओं के कारण बच्चे की मौत हो गई।

बच्चे के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की थी, लेकिन प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिलते ही सैदुल फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, मामले में तीन अन्य लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें उस नर्सिंग होम के दो सह-मालिक भी शामिल हैं, जहां कथित तौर पर ऑपरेशन किया गया था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़