Faridabad में दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के आरोप में Abhishek Bairwa गिरफ्तार, भेजा गया जेल

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा पुलिस ने महिला की अश्लील तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाले आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। सेक्टर 58 थाना पुलिस ने आरोपी अभिषेक कुमार बैरवा को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पीड़िता की आरोपी से मुलाकात राजस्थान के एक मेले में हुई थी।

हरियाणा पुलिस ने राजस्थान से एक व्यक्ति को महिला के साथ दुष्कर्म करने, उसे जान से मारने की धमकी देने और उसकी अश्लील तस्वीरें एवं वीडियो प्रसारित करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक सरकारी प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की पहचान राजस्थान के सवाई माधोपुर निवासी अभिषेक कुमार बैरवा के तौर पर हुई है, जो दिल्ली के मयूर विहार इलाके में रह रहा था।

उन्होंने बताया कि बैरवा को यहां एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता की आरोपी से कई साल पहले राजस्थान में एक मेले में मुलाकात हुई थी, जहां उन्होंने एक-दूसरे के फोन नंबर लिए और बातचीत शुरू की। महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपी ने उसकी तस्वीरें और वीडियो ले लिए थे।

महिला ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बाद में बैरवा ने जान से मारने और तस्वीरें एवं वीडियो प्रसारित करने की धमकी देकर महिला को उसकी मर्ज़ी के बिना शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने और भी आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड किए एवं लगातार उसे ब्लैकमेल किया। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत के बाद यहां सेक्टर 58 थाने में मामला दर्ज किया गया और पुलिस की एक टीम ने शुक्रवार को राजस्थान से आरोपी को गिरफ्तार किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़