Kuno National Park में मादा चीता KJP21 ने 5 शावकों को दिया जन्म

मध्यप्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क में भारत में जन्मी मादा चीता केजेपी21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। इन नवजात शावकों के पिता बोत्सवाना से लाए गए चीता हैं, जिससे देश में एक नई आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है।
भोपाल/श्योपुर, पांच अक्टूबर भारत में जन्मी एक मादा चीता ने मध्यप्रदेश के श्योपुर जिले के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में पांच शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सरकार की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि इन शावकों का पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया चीता है। शावकों के जन्म के साथ भारत में बोत्सवाना वंश की शुरुआत हुई है और देश में चीतों की बढ़ती आबादी में एक नयी आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है। यादव ने ‘प्रोजेक्ट चीता’ से जुड़े पशु चिकित्सकों, वन अधिकारियों, मैदानी कर्मचारियों और प्रबंधन दल को बधाई देते हुए कहा कि उनके समर्पण, प्रतिबद्धता और अथक प्रयासों से भारत में चीता पुनर्स्थापना की यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जन्मी मादा चीता केजेपी21 ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। उनके जन्म से क्षेत्र में खुशी की लहर है। इसके साथ ही भारत में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 60 हो गई है, जिनमें से 41 का जन्म भारतीय धरती पर हुआ है।’’ बयान में बताया गया कि केजेपी21 भारत में जन्मी तीसरी मादा चीता है।
इससे पहले मुखी और केजीपी12 का जन्म भारत में हुआ था। बयान में कहा गया कि इन शावकों का जन्म कूनो में चीतों की नयी पीढ़ी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इनके पिता बोत्सवाना से भारत लाया गया चीता है।
इसके अनुसार, ‘‘इन शावकों का जन्म भारत में बोत्सवाना वंश की शुरुआत का प्रतीक है, जिससे देश में बढ़ती चीता आबादी में एक नयी आनुवंशिक वंशावली जुड़ी है।’’ बयान में कहा गया कि भारतीय धरती पर चीतों की एक और पीढ़ी का जन्म ‘प्रोजेक्ट चीता’ की उल्लेखनीय यात्रा में एक और गौरवपूर्ण अध्याय है। इस उपलब्धि से कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता संरक्षण के लिए किए जा रहे वैज्ञानिक प्रबंधन, निगरानी और संरक्षण प्रयासों को भी बल मिला है।
अन्य न्यूज़













