त्रिपुरा में संदिग्ध पशु तस्करों के हमले में बीएसएफ के पांच जवान घायल

BSF
ANI

बीएसएफ कर्मी वाहन का पीछा करते हुए पशु बाजार तक पहुंच गए। वहां पशु तस्करों एवं बीएसएफ कर्मियों के बीच बहस हुई जो बढ़ गई और फिर पशु तस्करों ने हमला कर दिया।

त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले में संदिग्ध मवेशी तस्करों के हमले में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पांच जवान घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार शाम बिशालगढ़-कमठाना रोड पर भारत-बांग्लादेश सीमा के पास यह हमला किया गया और बीएसएफ के एक वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।

बिशालगढ़ पुलिस थाना प्रभारी विकास दास ने कहा, ‘‘कमठाना सीमा चौकी पर तैनात बीएसएफ कर्मियों ने एक वाहन को रुकने का इशारा किया लेकिन चालक वाहन को स्थानीय पशु बाजार की ओर भगा ले गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बीएसएफ कर्मी वाहन का पीछा करते हुए पशु बाजार तक पहुंच गए। वहां पशु तस्करों एवं बीएसएफ कर्मियों के बीच बहस हुई जो बढ़ गई और फिर पशु तस्करों ने हमला कर दिया। इस हमले में पांच कर्मी घायल हो गए और उनके वाहन में तोड़फोड़ की गई।’’

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में शिकायत दर्ज कर ली गई है और हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो में एक वरिष्ठ बीएसएफ अधिकारी अपनी व्यथा व्यक्त करते हुए यह कहता नजर आ रहा है कि जब हमला हो रहा था, तब वहां खड़े किसी भी व्यक्ति ने हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़