JPSC के पूर्व अध्यक्ष L Khiangte परीक्षा अनियमितता मामले में CID के सामने पेश हुए

Prabhasakshi Image

झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से जुड़े मामले में आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते शुक्रवार को रांची में सीआईडी (CID) अधिकारियों के समक्ष पूछताछ के लिए पेश हुए। अधिकारियों ने उनसे पहले भी मंगलवार और बुधवार को कई घंटों तक पूछताछ की थी। इस मामले में सीआईडी अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित अनियमितता से जुड़े मामले में जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते तीसरी बार पूछताछ के लिए शुक्रवार को अपराध जांच विभाग (सीआईडी) के अधिकारियों के समक्ष पेश हुए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि खियांग्ते पूर्वाह्न करीब 11 बजे सीआईडी कार्यालय पहुंचे।

सीआईडी ने खियांग्ते से मंगलवार को करीब नौ घंटे और बुधवार को करीब आठ घंटे तक पूछताछ की थी। खियांग्ते ने 22 जुलाई को जेपीएससी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया था। सीआईडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के संबंध में उनके आधिकारिक आवास सहित कई स्थानों पर तलाशी भी ली थी।

खियांग्ते ने सोमवार को कहा था कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए उन्होंने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया।’’ राज्य के मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्हें पिछले साल फरवरी में जेपीएससी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सीआईडी ने इस मामले में अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोध प्रदर्शनों के बीच आयोग ने ‘‘अपरिहार्य परिस्थितियों’’ का हवाला देते हुए 25 जुलाई से 27 जुलाई तक आयोजित होने वाली जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा (मुख्य) परीक्षा स्थगित कर दी।

सीआईडी ने अपनी जांच के तहत, 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले एक अभ्यर्थी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया।

All the updates here:

अन्य न्यूज़