Zoramthanga को Gauhati University से 60 साल बाद मिला BA डिग्री प्रमाणपत्र

मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री और मिजो नेशनल फ्रंट के प्रमुख ने 1966 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के लगभग छह दशक पश्चात अपना डिग्री प्रमाणपत्र स्वीकार किया। इम्फाल के धनमंजुरी कॉलेज से अंग्रेजी विषय में द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण होने के बाद वे 1965 में ही एमएनएफ में शामिल हो गए थे और उन्होंने तब से यह दस्तावेज नहीं लिया था। विश्वविद्यालय के फणीधर दत्ता सेमिनार हॉल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में डिग्री मिलने पर 82 वर्षीय नेता ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार जताया।
मिजोरम के पूर्व मुख्यमंत्री और मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के अध्यक्ष जोरामथांगा ने बृहस्पतिवार को गुवाहाटी विश्वविद्यालय से अपनी कला स्नातक (बीए) की डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। उन्होंने लगभग छह दशक पहले अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद बीए डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त किया। एमएनएफ द्वारा जारी एक बयान के अनुसार जोरामथांगा ने 1966 में इंफाल के धनमंजुरी (डीएम) कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, जो उस समय गुवाहाटी विश्वविद्यालय से संबद्ध था।
बयान के अनुसार उन्हें विश्वविद्यालय के फणीधर दत्ता सेमिनार हॉल में आयोजित एक विशेष व्याख्यान-सह-संवाद कार्यक्रम के दौरान प्रमाणपत्र प्रदान किया गया। जोरामथांगा (82) ने डीएम कॉलेज में मुख्य विषय के रूप में अंग्रेजी की पढ़ाई की थी और अंतिम वर्ष की परीक्षा द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। लेकिन इसके बाद उन्होंने कभी अपनी डिग्री का प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं किया था।
वह 1965 में कॉलेज के अंतिम वर्ष में औपचारिक रूप से एमएनएफ में शामिल हो गए थे। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए जोरामथांगा ने इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति अपनी गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘यह मेरे लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है, जिसे मैं अपनी जिंदगी के सबसे मूल्यवान और यादगार पलों में से एक के रूप में हमेशा याद रखूंगा और संजोकर रखूंगा।
अन्य न्यूज़













