Jharkhand के गुमला से 5 लाख के इनामी समेत 4 Maoists गिरफ्तार, हथियार जब्त

झारखंड पुलिस ने गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र स्थित औरापट जंगल में छापेमारी कर चार नक्सलियों को दबोच लिया। पकड़े गए माओवादियों में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) से अलग हुए संगठन जेजेएमपी का उपसंभागीय स्वयंभू कमांडर रामदेव लोहरा भी शामिल है, जिस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। सुरक्षा बलों ने इन अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया है।
झारखंड के गुमला जिले में चार माओवादियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक पर पांच लाख रुपये का इनाम था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस दल ने डुमरी थानाक्षेत्र के औरापट वन में छापा मारा और चारों को गिरफ्तार किया।
झारखंड के पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) नरेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पुलिस ने रामदेव लोहरा, क्षेत्रीय स्वयंभू कमांडर अरविंद नायक और संगठन के दो अन्य सदस्यों को गिरफ़्तार किया है। सिंह ने बताया कि लोहरा प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) से अलग हुए गुट जेजेएमपी का उपसंभागीय स्वयंभू कमांडर है तथा उसपर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। उन्होंने बताया कि लोहरा और नायक लोहरदगा जिले के रहने वाले हैं।
गुमला के पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमान ने बताया कि दो अन्य माओवादियों की पहचान लोहरदगा जिले के मुनेश्वर सिंह और गुमला के जितेंद्र लोहरा के तौर पर की गई है। पुलिस के अनुसार इन माओवादियों के पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया।
अन्य न्यूज़














