Ballia में मिट्टी से भरे ट्रैक्टर ने चार साल की बच्ची को कुचला, मौत

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रसड़ा थाना क्षेत्र के अमहर पट्टी दक्षिण गांव में सड़क किनारे खेल रही चार वर्षीय बच्ची ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बलिया जिले में रसड़ा थाना क्षेत्र के अमहर पट्टी दक्षिण (सड़ौली) गांव में शुक्रवार शाम मिट्टी से लदे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, गांव के धर्मेंद्र कुमार की पुत्री सृष्टि (चार) अपनी मां के साथ छठ पर्व की खरीदारी के लिए शुक्रवार को रसड़ा गई थी।
उसने बताया कि घर लौटने के बाद उसकी मां घर के अंदर चली गई, जबकि सृष्टि घर के बाहर सड़क किनारे खेलने लगी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि बच्ची के परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसने बताया कि घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी कौशल पाठक ने बताया कि इस मामले में बच्ची के दादा रमेश चंद्र की तहरीर पर ट्रैक्टर के अज्ञात चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
अन्य न्यूज़













