Satara में भीषण सड़क हादसे में 4 युवकों की मौत, Pune Bengaluru Highway पर टकराई कार

महाराष्ट्र के सातारा जिले में सोमवार देर रात एक अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक में जा घुसी। खंडाला तहसील के शिरवल में एनएच-48 पर हुए इस हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुणे निवासी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
महाराष्ट्र के सातारा जिले में पुणे-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई और सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में चार युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना सोमवार देर रात एक बजकर 10 मिनट पर बजे खंडाला तहसील के शिरवल में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 की सातारा-पुणे लेन पर हुई, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ।
राजमार्ग पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एक कार पुणे से सातारा की ओर जा रही थी, तभी चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। वाहन डिवाइडर से टकराकर पलट गया, जिसके बाद वह विपरीत लेन में चला गया और एक ट्रक से टकरा गया।’’ कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान वेदांत अर्जुन वारिंगे (19), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (19), निखिल बालू राउत (20) और आदित्य बालासाहेब गरुड़ (19) के रूप में हुई है।
ये सभी पुणे जिले के निवासी थे। अधिकारी ने बताया कि कार में सवार दो अन्य युवक घायल हो गए जिनकी उम्र 20 वर्ष है और वे पुणे के कामशेत के निवासी हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को बाद में क्रेन की मदद से हटाया गया और राजमार्ग पर यातायात बहाल कराया गया।
अन्य न्यूज़













