गैंगस्टर Ravi Pujari पहुंचा उडुपी, भारी सुरक्षा के बीच मां के अंतिम संस्कार में हुआ शामिल

अदालत की सशर्त अनुमति के बाद गैंगस्टर रवि पुजारी को शनिवार को उडुपी जिले के मालपे स्थित उसके पैतृक घर लाया गया, जहां उसने अपनी 86 वर्षीय मां की अंत्येष्टि की रस्में पूरी कीं। अंतिम संस्कार खत्म होने के तुरंत बाद पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में ले लिया। कोर्ट के आदेशानुसार इस पूरी सुरक्षा व्यवस्था का खर्च पुजारी खुद वहन करेगा।
गैंगस्टर रवि पुजारी को भारी पुलिस सुरक्षा में शनिवार को उडुपी जिले के मालपे में उसके पैतृक घर लाया गया, जहां वह अपनी मां की अंत्येष्टि में शामिल हुआ। एक अदालत ने उसे अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए सशर्त अनुमति दी थी। अधिकारियों के अनुसार, उसे शुक्रवार को बेंगलुरु से उसके पैतृक घर लाया गया।
इसके लिए जेल प्रशासन और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी), अडुगोडी स्थित सिटी आर्म्ड रिजर्व (दक्षिण) ने इंतजाम किए थे। उडुपी जिले में उसके रुकने के दौरान यहां की पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा मुहैया कराई। अदालत ने निर्देश दिया था कि पुलिस सुरक्षा पर हुआ पूरा खर्च पुजारी द्वारा वहन किया जाएगा।
शनिवार सुबह 11 बजे अंतिम संस्कार के बाद उसे वापस हिरासत में ले लिया गया। पुजारी की मां सुशीला पुजारथी (86) की बृहस्पतिवार को हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गई थी। उडुपी जिले के मालपे का रहने वाला पुजारी नब्बे के दशक में छोटा राजन का सहयोगी बनकर माफिया जगत में उभरा।
वह हत्या, हत्या के प्रयास और वसूली से जुड़े कई मामलों से जुड़ा रहा है। उसे 2019 में सेनेगल में गिरफ्तार किया गया और 2020 में भारत लाया गया। पुजारी फिलहाल बेंगलुरु की जेल में निरुद्ध है और उसके खिलाफ कर्नाटक और महाराष्ट्र में कई मुकदमे लंबित हैं।
अन्य न्यूज़














