Gorakhpur में पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक की हत्या, आरोपी संतोष मिश्रा गिरफ्तार

गोरखपुर पुलिस ने 17 सितंबर को हुई 19 वर्षीय शुभम मिश्रा की हत्या के मामले में संतोष मिश्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू, खून से सनी बनियान और मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आठ टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और 300 कॉल डिटेल रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद यह कार्रवाई की।
गोरखपुर जिले में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी के साथ अवैध संबंध के संदेह में 19 वर्षीय एक युवक की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस ने दी। पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि पुलिस ने संतोष मिश्रा नामक व्यक्ति को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक चाकू, अपराध के दौरान कथित तौर पर पहनी गई खून से सनी बनियान और एक मोबाइल फोन बरामद किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी क्षेत्र) दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि 17 सितंबर को शुभम मिश्रा नामक व्यक्ति की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी थी, जिसकी जांच के लिए पुलिस की आठ टीम गठित की गयी थीं। उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की, लगभग 300 मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड का विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया जानकारी के माध्यम से भी जानकारी एकत्र की। पुरी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को कथित तौर पर पता चला कि संतोष को संदेह था कि शुभम का उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध है और इसीलिये उसने शुभम की हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।
अन्य न्यूज़













