Greater Kailash में तेज रफ्तार कार की टक्कर से महिला की मौत, आरोपी चालक गिरफ्तार

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास रविवार को एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर जा रहे बुजुर्ग दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 71 वर्षीय महिला शशि की मौत हो गई, जबकि उनके 65 वर्षीय पति कुलभूषण घायल हो गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत केस दर्ज कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है।
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 इलाके में कैलाश कॉलोनी मेट्रो स्टेशन के पास एक अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 71 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनके पति जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, रविवार को ग्रेटर कैलाश-1 थाने को सड़क हादसे के संबंध में सूचना मिली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद पैदल जा रहे एक बुजुर्ग दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल दंपति को तुरंत मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने 71 वर्षीय शशि को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, उनके पति कुलभूषण (65) हादसे में घायल हो गए थे, जिन्हें बाद में बयान दर्ज कराने के लिए फिट घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 125(ए) (किसी के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कार्य से चोट पहुंचाना) और 106 (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
अन्य न्यूज़













