Saran Road Accident में 4 लोगों की मौत, अनियंत्रित ट्रक ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

बिहार के सारण जिले में रविवार रात मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से ई-रिक्शा सवार चार लोगों की जान चली गई। सोनहो टोल प्लाजा के पास हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर और दो की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

बिहार के सारण जिले में एक अनियंत्रित ट्रक के ई-रिक्शा में टक्कर मार देने से चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना रविवार रात भेल्दी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरपुर-छपरा मार्ग पर सोनहो टोल प्लाजा के पास हुई।

मरहौरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सविंद्र कुमार दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकराया और फिर उसने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। ई-रिक्शा में सवार पांच लोग चिकित्सक से परामर्श लेकर लौट रहे थे। इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य ने परसा के एक अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।” उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान कर ली गई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

उन्होंने तत्काल मृतकों के नाम, लिंग और उम्र संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। एसडीपीओ ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक और अन्य संबंधित सामग्री जब्त कर ली है।

उन्होंने कहा कि परिजन गहरे सदमे में हैं, इसलिए उनकी ओर से औपचारिक शिकायत का इंतजार किया जा रहा है।

All the updates here:

अन्य न्यूज़