Gurugram के Pataudi में ऊनी कपड़ों के बाजार में लगी भीषण आग, 25 दुकानें खाक

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

गुरुग्राम के पटौदी स्थित रामलीला मैदान में रविवार सुबह अचानक आग लगने से विंटर मार्केट की करीब 25 दुकानें जल गईं। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया और हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इस बाजार में हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों का लाखों रुपये का माल रखा था।

गुरुग्राम के पटौदी कस्बे में रामलीला मैदान स्थित ऊनी कपड़ों के बाजार में रविवार सुबह आग लगने से करीब 25 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। एक दमकल अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा बाजार उसकी चपेट में आ गया।

सूचना मिलने पर पटौदी और मानेसर से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एक अधिकारी ने बताया कि इलाके की एक महिला ने सुबह करीब चार बजे आवाज सुनी और देखा कि बाजार में आग लगी है। उसने अन्य लोगों को इसकी सूचना दी, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। आग लगने के कारणों और नुकसान का तत्काल पता नहीं चल सका है।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि पटौदी के रामलीला मैदान के पूर्वी हिस्से में हर साल नवंबर से फरवरी तक ऊनी कपड़ों का बाजार लगाया जाता है। इस साल यह बाजार चार नवंबर को हिमालयन ट्राइबल ट्रेड एसोसिएशन के तत्वावधान में शुरू हुआ था। इसमें हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के विक्रेताओं ने दुकानें लगाई थीं।

दुकानदारों के अनुसार, प्रत्येक दुकान में लाखों रुपये के सर्दियों के कपड़ों का भंडार था।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़