Guruvayur Temple में दर्शन के लिए आभासी कतार की व्यवस्था शुरू

केरल के प्रसिद्ध गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर में भीड़ कम करने के लिए प्रशासन ने प्रयोग के तौर पर आभासी कतार की व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत ऑनलाइन बुकिंग के जरिए हर दिन 2,400 श्रद्धालु दर्शन कर सकेंगे।
त्रिशूर, चार अगस्त केरल के प्रसिद्ध गुरुवायुर श्री कृष्ण मंदिर आने वाले श्रद्धालु अब दर्शन के लिए आभासी कतार सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। भीड़ को कम करने और प्रतीक्षा की लंबी अवधि के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी को कम करने के उद्देश्य से गुरुवायुर देवस्वओम ने मंगलवार से प्रयोग के तौर पर यह व्यवस्था शुरू की। गुरुवायुर देवस्वओम के अध्यक्ष ए.वी. गोपीनाथ ने यहां पत्रकारों को बताया कि प्रयोग के तौर पर आभासी कतार व्यवस्था मंगलवार और बृहस्पतिवार को उपलब्ध होगी।
इसमें हर दिन आठ समय अवधि दी जाएगी और हर समय अवधि में 300 श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे, जिससे ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली के जरिये हर दिन 2,400 लोग दर्शन कर पाएंगे। गोपीनाथ ने कहा कि इस पहल से उन श्रद्धालुओं की मुश्किलें काफी कम होने की उम्मीद है, जिन्हें अक्सर मंदिर में प्रवेश करने के लिए घंटों लंबी कतारों में प्रतीक्षा करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर यह प्रयोग सफल रहता है तो देवस्वओम इस सुविधा को प्रत्येक दिन शुरू करने की योजना बना रहा है।
अध्यक्ष ने कहा कि यह व्यवस्था आगामी ओणम के दौरान और तीर्थयात्रा के अन्य व्यस्त समय के दौरान विशेष रूप से फायदेमंद साबित होगा। मंदिर प्रशासन ने कहा कि जिन भक्तों ने ऑनलाइन दर्शन के लिए बुकिंग की है, उन्हें दर्शन के लिए तय समय पर मंदिर पहुंचना होगा, जिससे यह प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक और परेशानी मुक्त हो जाएगी। उन्होंने बताया कि आभासी कतार की व्यवस्था हर दिन आठ घंटे रहेगी।
इससे पूर्व गुरुवायुर देवस्वओम ने एक ‘फेसबुक’ पोस्ट में कहा था कि अगस्त में आभासी कतार सुविधा के लिए बुकिंग पहले ही पूरी हो चुकी है और सितंबर के लिए ऑनलाइन बुकिंग जल्द शुरू होगी। श्रद्धालु गुरुवायुर देवस्वओम की वेबसाइट पर अपनी समय अवधि को बुक कर सकते हैं।
अन्य न्यूज़













