Haridwar में 11 महीने की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपी सौरभ पुलिस गिरफ्त में

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरिद्वार पुलिस ने 11 माह की बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के मामले में बाल्मीकि चौक के पास से आरोपी सौरभ को सोमवार रात पकड़ा। बिहार के भागलपुर निवासी इस आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता को गंभीर हालत में ऋषिकेश एम्स भेजा गया था जहां उसकी स्थिति स्थिर है।

उत्तराखंड के हरिद्वार में कथित रूप से 11 माह की बच्ची से दुष्कर्म करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि आरोपी सौरभ को बाल्मीकि चौक के पास से सोमवार रात गिरफ्तार किया गया।

उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हरिद्वार में सिडकुल क्षेत्र की एक निजी फैक्ट्री में काम करने वाला सौरभ बिहार के भागलपुर का रहने वाला है। भुल्लर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गयी है।

उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी की मेडिकल जांच करायी जा रही है। उधर, 15 नवंबर की रात हुई घटना के बाद गंभीर हालत में अस्पताल में उपचार के लिए ले जायी गयी बच्ची की मेडिकल जांच में उसके साथ दुष्कर्म के प्रयास की पुष्टि हुई हुई है। हालत बिगड़ने पर उसे हरिद्वार जिला चिकित्सालय ले जाया गया था जहां से उसे ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया गया था।

चिकित्सकों ने बताया कि बच्ची की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि आरोपी युवक सौरभ रोती हुई बच्ची को चुप कराने के बहाने से अपने कमरे में ले गया और उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले का रहने वाला बच्ची का परिवार हरिद्वार के औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है।

कुछ दिन पहले ही सौरभ भी इसी फैक्ट्री में काम करने के लिए आया था और उसने उनके कमरे के पास ही एक कमरा किराए पर लिया हुआ था। राणा ने बताया कि रविवार रात बच्ची की मां रसोई में खाना बना रही थी जबकि बच्ची रो रही थी। इसी दौरान सौरभ वहां पहुंचा और उसे चुप कराने के बहाने अपने कमरे में ले गया।

बच्ची के जोर जोर से रोने की आवाज सुनकर उसकी मां दौड़कर आरोपी के कमरे में पहुंची, जहां उसे बच्ची बुरी हालत में मिली।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़