Sukhbir Badal पर हमला सुनियोजित राजनीतिक षड्यंत्र है, बोलीं Harsimrat Kaur

Prabhasakshi Latest News Banner
Prabhasakshi

शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने शनिवार को पंजाब के खन्ना स्थित इसरू गांव में आयोजित कार्यक्रम में अपने पति सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित गुरुद्वारे में बृहस्पतिवार को हुए कृपाण हमले में सुखबीर बादल के दाहिने हाथ में चोट आई थी। पूर्व केंद्रीय मंत्री के अनुसार यह हमला पंजाब की शांति भंग करने के लिए साल 2015 से रची जा रही साजिश का हिस्सा है।

शिरोमणि अकाली दल (शिअद) की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने अपने पति और पार्टी प्रमुख सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले को शनिवार को सुनियोजित राजनीतिक साजिश बताया और कहा कि इसके पीछे जो भी है, उसे सिख नहीं कहा जा सकता। महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित एक गुरुद्वारे के अंदर बृहस्पतिवार को निहंग समुदाय के एक सदस्य द्वारा किए गए ‘कृपाण’ हमले में बादल के दाहिने हाथ में चोटें आई थीं। हमलावर को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

इसे भी पढ़ें: Nanded हमले पर Sukhbir Badal बोले, पिता Prakash Singh Badal भी नहीं डरे, मैं भी नहीं झुकूंगा

पंजाब के खन्ना स्थित इसरू गांव में गोवा मुक्ति आंदोलन के नेता करनैल सिंह इसरू की याद में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल अपने पति पर हुए हमले को याद करते हुए भावुक हो गईं। कौर ने कहा, “मुझे माफ करें, मैं आज बहुत भावुक हूं। क्योंकि पिछले 48 घंटे मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत मुश्किल रहे हैं।

मुझे आज यहां नहीं होना था, सुखबीर जी को यहां होना था। लेकिन देखिए उनके साथ क्या हुआ।” उन्होंने कहा, “सुखबीर जी पर उस समय हमला किया गया, जब वह सिखों के सबसे पवित्र धार्मिक स्थलों में से एक में पंजाब की शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना कर रहे थे। जिसने भी उन पर हमला किया, वह सिख नहीं हो सकता और वह ‘गुरु दोषी’ (गुरु का विरोधी) है।” उन्होंने दावा किया, सुखबीर जी पर दो साल में यह दूसरा हमला है और यह पंजाब की शांति भंग करने के लिए 2015 से रची जा रही एक सुनियोजित राजनीतिक साजिश का हिस्सा है।

इसे भी पढ़ें: BSP Chief Mayawati का बड़ा हमला: Mallikarjun Kharge के मंच के 'शुद्धिकरण' पर RSS Chief को दी नसीहत

दिसंबर 2024 में बादल पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर जानलेवा हमला करने की कोशिश हुई थी, जिसमें वह बच गए थे।

All the updates here:

अन्य न्यूज़