Haryana Congress शुरू करेगी वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान

Prabhasakshi Image
Prabhasakshi

हरियाणा में कथित चुनावी गड़बड़ियों और मतदाता सूची में हेराफेरी के खिलाफ कांग्रेस पार्टी 12 नवंबर से दो हफ्ते का जनसंपर्क कार्यक्रम शुरू कर रही है। पार्टी प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह 24 नवंबर तक राज्यभर में चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान भूपेंद्र सिंह हुड्डा और कुमारी सैलजा सहित कई वरिष्ठ नेता भी अभियान का हिस्सा बनेंगे।

हरियाणा कांग्रेस 12 नवंबर से करीब दो सप्ताह तक चलने वाला ‘वोट बचाओ, देश बचाओ-चौपाल अभियान’ शुरू करेगी, जिसका मकसद लोकतंत्र और लोगों के मतदान के अधिकार की सुरक्षा करना और कथित चुनावी हेराफेरी को उजागर करना है। पार्टी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने बुधवार को यह जानकारी दी। पार्टी के एक बयान के अनुसार, दत्त और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह इस अभियान के तहत राज्य का दौरा करेंगे।

यह अभियान 24 नवंबर को समाप्त होगा। इस दौरान दोनों नेता चौपालों के माध्यम से लोगों से संवाद करेंगे और जनमत तैयार करने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव के बाद लोगों के जनादेश को भाजपा ने चुनावी हेराफेरी और वोट चोरी के जरिये पलट दिया।

पार्टी ने कहा, ‘‘इसके बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की ओर से संदिग्ध मतदाता प्रविष्टियों, दोहरे मतदाताओं, संदिग्ध पतों और मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं के बारे में पेश किए गए तथ्यों और खुलासों ने चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता को लेकर चिंताएं और बढ़ा दी हैं।’’ कांग्रेस ने कहा कि ‘वोट बचाओ, देश बचाओ-चौपाल अभियान’ महज जनसभाओं की एक शृंखला नहीं होगा, बल्कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई होगी। पार्टी ने कहा, ‘‘इन चौपालों के माध्यम से कांग्रेस कथित चुनावी अनियमितताओं को उजागर करेगी, मतदाता सूचियों में हेराफेरी के खतरों के प्रति नागरिकों को जागरूक करेगी और प्रत्येक नागरिक के मतदान के बुनियादी लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा के लिए राज्यव्यापी आंदोलन खड़ा करेगी।’’ कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की ‘मनमानी और संदेहास्पद’ प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा वोट चोरी के आरोपों की स्वतंत्र एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा रोहतक के सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा सहित पार्टी के कई नेता इन चौपालों में शामिल होंगे।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


All the updates here:

अन्य न्यूज़